गुमला में एबीडीएम को लेकर तीन जिलों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित, 15 दिनों में सभी सीएचसी में ई-सुश्रुत लागू करने का निर्देश
गुमला में एबीडीएम को लेकर तीन जिलों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित, 15 दिनों में सभी सीएचसी में ई-सुश्रुत लागू करने का निर्देश
गुमला — गुमला सदर अस्पताल स्थित सिविल सर्जन सभागार में एक दिवसीय समीक्षात्मक बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में सिमडेगा, लोहरदगा एवं गुमला जिले के सिविल सर्जन, जिले के सभी निजी स्वास्थ्य संस्थानों के वरिष्ठ प्रतिनिधि, राज्य एबीडीएम प्रतिनिधि, बीएसएनएल एवं सी-डैक के वरिष्ठ अधिकारी तथा प्रखंड स्तर के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक की अध्यक्षता राज्य मिशन निदेशक विद्यानंद शर्मा पंकज ने की। इस दौरान उन्होंने तीनों जिलों में आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (एबीडीएम) के सभी घटकों की गहन समीक्षा की और आगामी कार्यों के सफल क्रियान्वयन हेतु समय-सीमा निर्धारित की।
समीक्षा के दौरान बीएसएनएल एवं सी-डैक के कार्यों का विश्लेषण किया गया। निर्देश दिया गया कि तीनों जिलों के शेष सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में शीघ्र नेटवर्क सुविधा उपलब्ध कराई जाए तथा फार्मेसी एवं प्रयोगशाला मॉड्यूल जल्द शुरू किए जाएं।
साथ ही यह भी निर्देशित किया गया कि पंद्रह दिनों के भीतर तीनों जिलों के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में सी-डैक ई-सुश्रुत स्वास्थ्य प्रबंधन सूचना प्रणाली को लागू किया जाए।
बैठक में सभी निजी अस्पतालों एवं दवा दुकानों को स्वास्थ्य सुविधा रजिस्ट्री में पंजीकरण अनिवार्य करने तथा सभी चिकित्सकों एवं नर्सों को स्वास्थ्य पेशेवर रजिस्ट्री में शीघ्र पंजीकरण कराने के निर्देश दिए गए।
इसके बाद पंकज ने सदर अस्पताल, गुमला का निरीक्षण किया और सिविल सर्जन कार्यालय को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल द्वारा किए जा रहे उन्नत कार्यों की सराहना भी की।
इस अवसर पर तीनों जिलों के उपाधीक्षक, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, जिला परियोजना समन्वयक, जिला डाटा प्रबंधक, एबीडीएम परियोजना समन्वयक, प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक एवं प्रखंड डाटा प्रबंधक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

