गुमला की बेटी अष्टम उरांव भारतीय महिला फुटबॉल टीम में चयनित, जिला प्रशासन ने किया सम्मान
गुमला की बेटी अष्टम उरांव भारतीय महिला फुटबॉल टीम में चयनित, जिला प्रशासन ने किया सम्मान
गुमला। जिले की होनहार खिलाड़ी अष्टम उरांव के भारतीय महिला फुटबॉल टीम में चयन से पूरे गुमला में खुशी की लहर है। भारतीय महिला फुटबॉल टीम में बतौर डिफेंडर उनका चयन होना न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व का क्षण है।
एएफसी महिला एशियन कप में करेंगी देश का प्रतिनिधित्व
1 मार्च से ऑस्ट्रेलिया में शुरू हो रहे एएफसी महिला एशियन कप के लिए घोषित भारतीय टीम में अष्टम को जगह मिली है। 21 मार्च तक चलने वाली यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता वर्ष 2027 में ब्राज़ील में प्रस्तावित फीफा महिला विश्व कप के क्वालीफिकेशन से भी जुड़ी है।
हाल के राष्ट्रीय शिविरों में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन, रक्षण पंक्ति में मजबूती और अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों के अनुभव को देखते हुए चयनकर्ताओं ने उन पर भरोसा जताया है।
जिला प्रशासन ने किया गृह भ्रमण
उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देश पर जिला खेल पदाधिकारी प्रवीण कुमार ने बिशुनपुर प्रखंड के बनारी पंचायत अंतर्गत गोरा टोली गांव स्थित अष्टम उरांव के आवास पर पहुंचकर उनके माता-पिता को सम्मानित किया।
भ्रमण के दौरान परिवार की आवश्यकताओं की जानकारी ली गई। अष्टम द्वारा पक्का मकान, बोरिंग, शौचालय एवं बाउंड्री वॉल निर्माण का अनुरोध किया गया, जिस पर जिला प्रशासन ने अविलंब आवश्यक कार्रवाई और सहयोग का आश्वासन दिया।
पूरे जिले के लिए गर्व का विषय
उपायुक्त ने कहा कि अष्टम उरांव की उपलब्धि यह साबित करती है कि सीमित संसाधनों के बावजूद दृढ़ इच्छाशक्ति, अनुशासन और समर्पण से राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई जा सकती है।
उन्होंने विश्वास जताया कि अष्टम की सफलता से जिले की अन्य बेटियाँ भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित होंगी। जिला प्रशासन प्रतिभावान खिलाड़ियों को हर संभव सहयोग और प्रोत्साहन देने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि गुमला की बेटियाँ राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराती रहें।
अष्टम उरांव की यह सफलता गुमला के खेल इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज हो गई


