गुमला : एसीबी के जाल में फंसी सेरका पंचायत की सचिव, 8 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
गुमला : एसीबी के जाल में फंसी सेरका पंचायत की सचिव, 8 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
गुमला। जिले के बिशुनपुर प्रखंड अंतर्गत सेरका पंचायत की पंचायत सचिव किरण कुसुम खलखो को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने गुरुवार को 8,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई 12 मार्च 2026 को की गई। गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम आरोपी सचिव को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए अपने साथ ले गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चट्टी सेरका पंचायत निवासी परमेश्वर सिंह (52 वर्ष) ने रांची स्थित एसीबी कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत में उन्होंने बताया था कि ग्राम सभा द्वारा उनकी जमीन पर कुएं की मरम्मत का कार्य उन्हें सौंपा गया था, जिसे उन्होंने निर्धारित समय में पूरा कर दिया था।
परमेश्वर सिंह का आरोप था कि कार्य पूर्ण होने के बाद बिल पास करने और शेष भुगतान जारी कराने के एवज में पंचायत सचिव किरण कुसुम खलखो उनसे 8,000 रुपये रिश्वत की मांग कर रही थीं। परिवादी ने रिश्वत देकर काम कराने से साफ इनकार कर दिया और इसकी शिकायत एसीबी से कर दी।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का विधिवत सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने के आरोप सही पाए गए। इसके बाद भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, रांची थाना में कांड संख्या 09/26, दिनांक 11 मार्च 2026 को भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम-2018 की धारा 7(ए) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
प्राथमिकी दर्ज होने के बाद एसीबी की टीम ने जाल बिछाया और 12 मार्च 2026 को बिशुनपुर प्रखंड परिसर में पंचायत सचिव किरण कुसुम खलखो को परिवादी से 8,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।
एसीबी अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई के बाद जिले के पंचायत स्तर के अधिकारियों व कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है। एसीबी की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।

