गिरिडीह सहित चार जिलों में खुलेंगे नए मेडिकल कॉलेज, 350 एमबीबीएस सीटों की बढ़ोतरी
गिरिडीह सहित खूंटी, जामताड़ा और धनबाद में चार नए मेडिकल कॉलेज खुलने जा रहे हैं। झारखंड सरकार के प्रस्ताव को केंद्र सरकार ने मंजूरी दे दी है। ये कॉलेज पीपीपी मोड पर संचालित होंगे। योजना के तहत धनबाद में उप योजना-1 और अन्य जिलों में उप योजना-2 लागू की जाएगी। खूंटी में 50 और अन्य तीन जिलों में 100-100 सीटें होंगी, जिससे कुल 350 एमबीबीएस सीटों की बढ़ोतरी होगी। केंद्र 40 प्रतिशत पूंजीगत व्यय और 25 प्रतिशत परिचालन व्यय में सहायता देगा, जबकि राज्य सरकार भी 25 से 40 प्रतिशत तक सहयोग करेगी। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, इन कॉलेजों से चिकित्सा शिक्षा के साथ स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत होंगी और स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।

