गिरिडीह में NEET-UG परीक्षा शांतिपूर्ण शुरू, उपायुक्त ने किया निरीक्षण
गिरिडीह। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) 2026 के सफल, निष्पक्ष, पारदर्शी और कदाचारमुक्त संचालन को सुनिश्चित करने हेतु उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का व्यापक निरीक्षण किया। निरीक्षण में HE हाई स्कूल, पचंबा हाई स्कूल, सर जेसी बोस स्कूल सहित अन्य केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
उपायुक्त ने निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों के प्रवेश और सत्यापन प्रक्रिया, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय व विद्युत व्यवस्था सहित सभी आवश्यक सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने केंद्र अधीक्षकों, प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा की शुचिता और गोपनीयता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता हो। किसी भी प्रकार की अनियमितता, लापरवाही अथवा कदाचार की सूचना मिलने पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उपायुक्त यादव ने कहा कि NEET-UG जैसी महत्वपूर्ण राष्ट्रीय परीक्षा का निष्पक्ष आयोजन जिला प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। सुनिश्चित किया गया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा बल, दंडाधिकारी और प्रशासनिक अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है ताकि अभ्यर्थियों को शांतिपूर्ण व अनुकूल वातावरण में परीक्षा देने की सुविधा मिल सके। कड़ी सुरक्षा व प्रशासनिक निगरानी के बीच निर्धारित समय पर परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से शुरू हुई और केंद्रों पर परीक्षार्थियों की जांच निर्धारित मानकों के अनुरूप की गई।
जिला प्रशासन ने कहा कि सभी आवश्यक प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन कराया गया है तथा परीक्षा के सफल एवं पारदर्शी संचालन हेतु व्यवस्थाएँ सुदृढ़ की गई हैं। साथ ही अभिभावकों और आमजन से अपील की गई है कि वे परीक्षा केंद्रों के आसपास शांति और अनुशासन बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें, जिससे परीक्षा सुचारू और निर्विघ्न रूप से संपन्न हो सके।

