गिरिडीह में माहुरी वैश्य समाज की भव्य गौरव यात्रा, 113वें महाधिवेशन की शानदार शुरुआत
गिरिडीह माहुरी वैश्य महामंडल के 113वें वार्षिक महाधिवेशन के अवसर पर केंद्रीय माहुरी वैश्य नवयुवक समिति के तत्वावधान में भव्य गौरव यात्रा का आयोजन किया गया। यह यात्रा पचंबा से प्रारंभ होकर गिरिडीह के टावर चौक तक निकाली गई, जिसमें समाज के लोगों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली।
गौरव यात्रा का विशेष आकर्षण समाज की बेटियां रहीं, जिन्होंने पारंपरिक मराठी वेशभूषा में शामिल होकर कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया। विभिन्न मंडलों से आए समाज के सदस्यों ने एकजुटता और गौरव के साथ इस यात्रा में सहभागिता निभाई।
इस अवसर पर केंद्रीय माहुरी वैश्य नवयुवक समिति के अध्यक्ष ने बताया कि माहुरी वैश्य महामंडल का 113वां वार्षिक महाधिवेशन पंचम्बा जोन के हंडडीह एवं महेशलुंडी मंडल के सहयोग से पंचम्बा में आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने सभी समाज बंधुओं से इस महाधिवेशन में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की।
गिरिडीह के वर्तमान उप महापौर सह माहुरी वैश्य महामंडल के उपाध्यक्ष सुमित कुमार ने कहा कि यह 113वां अधिवेशन समाज द्वारा बड़े ही धूमधाम से आयोजित किया जा रहा है और समाज के हर वर्ग को साथ लेकर आगे बढ़ने का संकल्प लिया गया है।
केंद्रीय उपाध्यक्ष साहिल एकघरा ने बताया कि नवयुवक साथी पूरे जोश और उत्साह के साथ इस आयोजन को सफल बनाने में जुटे हैं तथा आने वाले समय में समाज द्वारा कई अन्य कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
वार्ड पार्षद प्रतिनिधि हब्लू गुप्ता ने गौरव यात्रा को ऐतिहासिक बताया। वहीं, सचिव अतुल सेठ ने कहा कि यह दो दिवसीय आयोजन भव्य एवं ऐतिहासिक है, जिसमें विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के विकास की दिशा तय की जाएगी।
पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह, अनुशासन और सामाजिक एकता का अद्भुत उदाहरण देखने को मिला।
इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से संजीत तर्वे, सुमित कुमार, साहिल एकघरा, अतुल सेठ, अरुण कपिस्वय, दिनेश गुप्ता, अशोक गुप्ता, जितेंद्र सेठ, राकेश तर्वे, अभय कंधवे, अभिषेक तर्वे, आयुष कंधवे, आकाश सुमन, जयदीप तर्वे, श्रेष्ठ कंधवे, रितेश कंधवे, विवेक भदानी, रौनक कंधवे, आलोक गुप्ता एवं आदिप एकघरा उपस्थित रहे।

