गिरिडीह में कांग्रेस का काला दिवस, टावर चौक पर ‘वोट चोरी नहीं चलेगी’ के लगे नारे
गिरिडीह में कांग्रेस का काला दिवस, टावर चौक पर ‘वोट चोरी नहीं चलेगी’ के लगे नारे
गिरिडीह। लोकतंत्र, निष्पक्ष चुनाव और संवैधानिक अधिकारों के मुद्दे पर शनिवार को गिरिडीह जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से काला दिवस मनाया गया। इस दौरान कांग्रेस भवन से टावर चौक तक विरोध मार्च निकाला गया। प्रदर्शन में शामिल नेताओं और कार्यकर्ताओं ने काली पट्टी बांधकर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की।
विरोध प्रदर्शन के दौरान ‘ज्ञानेश कुमार को गिरफ्तार करो’, ‘लोकतंत्र की हत्या बंद करो’ और ‘वोट चोरी नहीं चलेगी’ जैसे नारे लगाए गए। टावर चौक पहुंचने के बाद सभा आयोजित की गई, जहां कांग्रेस नेताओं ने अपने विचार रखे और लोकतंत्र तथा संवैधानिक अधिकारों की रक्षा की मांग की।
सभा को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सतीश केडिया ने केंद्र सरकार और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली से चुनाव की निष्पक्षता और जनता के संवैधानिक अधिकारों को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
सतीश केडिया ने दिल्ली में कांग्रेस नेताओं और सांसदों के साथ कथित दुर्व्यवहार का मुद्दा उठाते हुए कहा कि लोकतंत्र में विरोध प्रदर्शन करना प्रत्येक नागरिक और राजनीतिक दल का अधिकार है। उन्होंने कहा कि विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए चिंताजनक है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा की निर्णायक लड़ाई बताते हुए कार्यकर्ताओं से एकजुट रहने की अपील की।
बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता हुए शामिल
प्रदर्शन में अजय कुमार सिन्हा, राजेश तुरी, प्रदेश सचिव अशोक विश्वकर्मा, मोहम्मद शमीम, मोहम्मद अली खान, पोरेश नाथ मित्रा, मोहम्मद निजामुद्दीन, मोहम्मद विनीत, भास्कर, सुलेमान अख्तर, मोहम्मद गुरु, मोहम्मद सोहेल, जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष सरफराज अंसारी, बिलाल अहमद, हुसैन, मेराज अहमद, मेराज गोल्डी, साबिर खान, प्रोफेसर मंजूर आलम अंसारी, शाहनवाज, संतोष वर्मा, मोहम्मद ओवैस, देवानंद पंडित, टार्जन, मोहम्मद नवाब, सिकंदर अंसारी, नदीम अख्तर, चांद और रशीद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

