गिरिडीह में आज से राज्यस्तरीय सेपक टकरा प्रतियोगिता, विभिन्न जिलों के खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम

गिरिडीह। 9वीं झारखंड राज्य सीनियर सेपक टकरा प्रतियोगिता 10 और 11 अक्टूबर को गिरिडीह के इंडोर स्टेडियम में आयोजित होगी। प्रतियोगिता को लेकर शुक्रवार को तैयारियों की समीक्षा की गई। झारखंड के विभिन्न जिलों से सीनियर वर्ग के खिलाड़ी इसमें हिस्सा लेंगे।
दो दिवसीय प्रतियोगिता में रेगु, क्वाड और टीम इवेंट के मुकाबले होंगे। खिलाड़ियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया जाएगा और बेहतर प्रदर्शन करने वालों का चयन ग्वालियर में होने वाली आगामी प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, राज्यस्तरीय मुकाबला खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभा दिखाने का अवसर देगा।
झारखंड सेपक टकरा एसोसिएशन के चेयरमैन सुनील सूर्यात ने प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि विभिन्न जिलों के खिलाड़ियों की भागीदारी से प्रतियोगिता में कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा। एसोसिएशन के अध्यक्ष उदय साहू ने बताया कि आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रतियोगिता के टेक्निकल चेयरमैन और मुख्य निर्णायक अमरेंद्र दत्त द्विवेदी होंगे।
गिरिडीह सेपक टकरा एसोसिएशन के सचिव नुरुल होदा सहित मुन्ना कुशवाहा, राजेश सिन्हा, रॉकी सिंह, राजीव रंजन, मुर्तजा अंसारी, मो. सदाब, अली राजा, नरेश यादव और उनकी टीम आयोजन में जुटी है। नुरुल होदा और मुन्ना कुशवाहा ने बताया कि गिरिडीह के सात खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर खेल चुके हैं। उन्होंने कहा कि जिले में सेपक टकरा को आगे बढ़ाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। राजेश सिन्हा, रॉकी सिंह, मो. अली राजा, मो. सदाब और रुपेश रजक ने भी खेल को बढ़ावा देने में सहयोग जारी रखने की बात कही।

You may have missed