गिरिडीह के रोशन राज ने DRDO की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में मारी बाजी, देशभर में दूसरा स्थान
डी ए वी पब्लिक स्कूल, सीसीएल, गिरिडीह के पूर्व छात्र रोशन राज ने डीआरडीओ के द्वारा आयोजित Dare to Dream 5.0 राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में अपनी टीम सहित बी आई टी,सिंदरी एवं डी ए वी पब्लिक स्कूल, सीसीएल गिरिडीह की गरिमा को और भी रोशन करते हुए पूरे भारत में 850 टीमों को पीछे छोड़ते हुए दूसरा स्थान प्राप्त किया। द्वितीय स्थान प्राप्त करने पर उन्हें नगद पुरस्कार के रूप में 5 लाख रुपए दिए गए। छात्रों की टीम ने आपदा स्थितियों के लिए एक अत्याधुनिक आपातकालीन संचार प्रणाली विकसित की है, जो इंटरनेट या अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क पर निर्भर हुए बिना पीड़ितों और राहत एजेंसियों के बीच सुरक्षित संचार स्थापित करती है। यह नए भारत की डिजिटल संप्रभुता को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इस परियोजना में AI आधारित सत्यापन प्रणाली का उपयोग किया गया है। डीआरडीओ के द्वारा इस परियोजना को व्यावहारिक रूप देने के लिए पेशेवर मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। जिससे यह तकनीक आपदा प्रबंधन में जीवन रक्षक भूमिका निभा सकेगी। रोशन राज की नए-नए आविष्कार की यात्रा स्कूल के दिनों में ही शुरू हो गई थी जब उन्होंने आईआईटी आईएसएम धनबाद की अविष्कार प्रतियोगिता के लिए भी प्रोजेक्ट्स बनाए थे। सीखने की ललक ही उनके इंजीनियरिंग प्रोजेक्ट्स के लिए एक मजबूत आधार तैयार किया। रोशन अपनी इंजीनियरिंग विशेषज्ञता का उपयोग करते हुए वर्तमान में इसरो के रोबोटिक चैलेंज के लिए स्वायत्त ड्रोन और रोवर प्रोजेक्ट पर भी काम कर रहे हैं। रोशन राज के पिताजी डीटीडीसी कूरियर सर्विस में कूरियर पहूँचाने का काम करते हैं । रोशन राज अपनी आर्थिक विषमताओं को नजर अंदाज करते हुए अपने पारिवारिक पृष्ठभूमि को अपने प्रतिभा से नित नई ऊंचाई पर ले जा रहा है। आज दिनांक 11 अप्रैल 2026 दिन शनिवार को विद्यालय परिसर में पहुंचकर रोशन राज ने कहा कि जिस ATL में कभी मैं सफलता के लिए दिन-रात मेहनत करता था। आज उसी ATL कक्ष से विद्यालय के कक्षा दसवीं के बच्चों को संबोधित किया और उनकी जिज्ञासाओं को अपने उत्तर के माध्यम से जागृत करने का काम किया।इस उपलब्धि के लिए डी ए वी पब्लिक स्कूल, सीसीएल,गिरिडीह के प्राचार्य श्री ओम प्रकाश गोयल सहित पूरा विद्यालय परिवार रोशन राज को बधाई दी एवं उनके उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रदान किया। इस अवसर पर प्राचार्य श्री ओमप्रकाश गोयल ने कहा कि ऐसे बच्चे सूर्य की भांति है जिसके प्रकाश से न केवल विद्यालय बल्कि शहर सहित पूरा राज्य और देश भी गौरवान्वित होता है।


