गिरिडीह भाजपा जिलाध्यक्ष पद को लेकर रायशुमारी आज, दावेदारों की बढ़ी सक्रियता
भाजपा जिलाध्यक्ष पद को लेकर आज जिला कार्यालय में रायशुमारी होगी। इस रायशुमारी को लेकर दावेदारों की सक्रियता बढ़ गई है। संपर्क अभियान तेज हो गया है और रायशुमारी में भाग लेने वाले नेताओं व पदाधिकारी से गोलबंदी की जुगत बढ़ाई जा रही है। बता दें कि गिरिडीह जिले में इस बार संगठन के दृष्टिकोण से गिरिडीह महानगर एवं गिरिडीह ग्रामीण के लिए अलग-अलग जिलाध्यक्ष चुने जाएंगे। गिरिडीह महानगर में जहां गिरिडीह, गांडेय और डुमरी विधानसभा क्षेत्र को समाहित किया गया है, वहीं दूसरी ओर गिरिडीह ग्रामीण में जमुआ, धनवार और बगोदर विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। इन दोनों ही जगहों के लिए अलग-अलग जिलाध्यक्ष बनाए जाएंगे। गिरिडीह महानगर के लिए जिलाध्यक्ष पद को लेकर भाजपा प्रदेश मंत्री दिलीप वर्मा, सुभाषचंद्र सिन्हा, यदुनंदन पाठक, रंजीत राय, संदीप डंगेच, संजीत सिंह पप्पू दावेदार बताए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर गिरिडीह ग्रामीण के जिलाध्यक्ष पद को लेकर जिला महामंत्री महेंद्र वर्मा एवं जिला उपाध्यक्ष उदय सिंह सहित कई अन्य दावेदार शामिल हैं।जिला कार्यालय में भाजपा जिला चुनाव पर्यवेक्षक अनंत ओझा, जिला चुनाव अधिकारी शशि भूषण भगत एवं चंद्रशेखर सिंह की उपस्थिति में गिरिडीह महानगर एवं गिरिडीह ग्रामीण जिलाध्यक्ष को लेकर रायशुमारी की प्रक्रिया संपन्न होगी।इधर जिलाध्यक्ष पद को लेकर भाजपा की राजनीति हॉट हो गई है। मंगलवार शाम से लेकर बुधवार सुबह तक दावेदारों द्वारा अपने-अपने पक्ष में गोलबंदी की कवायद तेज कर दी गई है।

