गढ़वा के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, रंका में इफ्तार पार्टी व होली मिलन समारोह का आयोजन

गढ़वा: सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र रंका में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ असजद अंसारी के नेतृत्व में रमज़ान के अवसर पर इफ्तार पार्टी तथा होली के उपलक्ष्य में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। एक ही मंच पर दोनों पर्वों के आयोजन ने सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे की मिसाल पेश की। कार्यक्रम में चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों एवं कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत रमज़ान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए की गई। रोजेदारों के लिए विशेष रूप से इफ्तार की व्यवस्था की गई थी। खजूर, फल, शरबत और अन्य व्यंजनों के साथ रोजा खोला गया। इफ्तार के बाद उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को रमज़ान की मुबारकबाद दी और अमन-चैन की दुआ मांगी। इस अवसर पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ असजद अंसारी ने कहा कि रमज़ान आत्मसंयम, त्याग और सेवा का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्यकर्मी होने के नाते हम सभी का दायित्व है कि मानव सेवा को सर्वोपरि रखें और हर परिस्थिति में लोगों की मदद के लिए तत्पर रहें। इसी क्रम में होली मिलन समारोह का भी आयोजन किया गया। उपस्थित चिकित्सकों और कर्मचारियों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। डॉ असजद अंसारी ने कहा कि होली रंगों का त्योहार है। जो आपसी मतभेद भुलाकर प्रेम और सौहार्द बढ़ाने का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन से कार्यस्थल पर सकारात्मक वातावरण बनता है और आपसी समन्वय मजबूत होता है।
कार्यक्रम में डॉ गोरखनाथ पांडेय, डॉ इश्तेयाक, डॉ सुष्मिता सिंह, डॉ हर्षिता सिंह, डॉ दिव्या, डॉ उत्कर्ष, डॉ नीतीश, डॉ विष्णु, डॉ लवली, बीपीएम नारायण प्रसाद, बड़ा बाबू लल्लन राम, राहुल कुमार, फिरोज सहित कई स्वास्थ्यकर्मी मौजूद थे।