गढ़वा जिला के मेराल प्रखंड अंतर्गत पेशका में 30 नवंबर 2023 को आयोजित होने वाले “आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार” कार्यक्रम
गढ़वा जिला के मेराल प्रखंड अंतर्गत पेशका में 30 नवंबर 2023 को आयोजित होने वाले “आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार” कार्यक्रम में माननीय मुख्यमंत्री झारखंड सरकार, श्री हेमंत सोरेन होंगे शामिल।
उपायुक्त ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंच अंतिम तैयारियों का लिया जायजा, संबंधित को दिए आवश्यक दिशा निर्देश।
गढ़वा:- मेराल प्रखंड अंतर्गत पेशका हाई स्कूल के मैदान में 30 नवंबर को आयोजित होने वाले “आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार” कार्यक्रम में सूबे के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का गढ़वा जिला आगमन होने जा रहा है। कार्यक्रम की अंतिम तैयारियों का जायजा लेने आज उपायुक्त शेखर जमुआर कार्यक्रम स्थल पेशका हाई स्कूल के मैदान पहुंचे, इस दौरान उपायुक्त द्वारा कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया गया। मैदान में लग रहे स्टेज, टेंट एवं स्टॉल का जायजा, कार्यक्रम स्थल पर साफ सफाई, पेयजल, अस्थायी शौचालय की व्यवस्था, आने वाले अतिथियों एवं आमजनों के बैठने की व्यवस्था, विधि व्यवस्था, हेलीपैड निर्माण समेत अन्य तैयारियों का जायजा लिया साथ ही उपायुक्त ने मौके पर उपस्थित पदाधिकारियों को तैयारी से सम्बंधित कई आवश्यक निर्देश भी दिए।
उपायुक्त द्वारा कृषक पाठशाला का भी निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया। इस दौरान मुख्य रूप से निदेशक डीआरडीए दिनेश प्रसाद सुरीन, गढ़वा अनुमंडल पदाधिकारी बिजय कुमार, समेत सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
