गड़ीटोली के पास तेज रफ्तार अज्ञात बाइक की टक्कर, तीन किशोर घायल; दो की हालत गंभीर
गड़ीटोली के पास तेज रफ्तार अज्ञात बाइक की टक्कर, तीन किशोर घायल; दो की हालत गंभीर
गुमला – रायडीह प्रखंड के सुरसंग थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन किशोर घायल हो गए, जिनमें दो की स्थिति गंभीर बनी हुई है। यह घटना गड़ीटोली के समीप करीब 3 बजे उस समय हुई, जब सामने से आ रही एक अज्ञात तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
मिली जानकारी के अनुसार सुरसंग थाना क्षेत्र के भेलवाडीह निवासी विश्वनाथ सिंह (18 वर्ष), शिवानंद सिंह (16 वर्ष) और परमानंद सिंह (16 वर्ष) एक ही बाइक पर सवार होकर अपने घर से सुरसंग की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गड़ीटोली के पास विपरीत दिशा से आ रही बाइक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों किशोर सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गए। हादसे में विश्वनाथ सिंह और परमानंद सिंह को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि शिवानंद सिंह भी घायल हुआ है।
घटना के बाद आरोपी बाइक चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय ग्रामीणों की तत्परता से 108 एंबुलेंस को बुलाया गया, जिसके जरिए सभी घायलों को तत्काल सदर अस्पताल, गुमला में भर्ती कराया गया।
चिकित्सकों के अनुसार गंभीर रूप से घायल दोनों किशोरों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

