डर के साये से विश्वास के मैदान तक: नक्सल प्रभावित बारेसांढ़ में प्रशासन–पुलिस का दोस्ताना क्रिकेट मैच
महुआडांड़ अनुमंडल के नक्सल प्रभावित बारेसांढ़ में रविवार को शांति, भरोसे और विकास का प्रतीक बनता एक ऐतिहासिक आयोजन देखने को मिला। कभी नक्सल भय के लिए पहचाने जाने वाले इस इलाके में जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के बीच आयोजित दोस्ताना क्रिकेट मैच ने पूरे क्षेत्र में सकारात्मक संदेश फैलाया।बारेसांढ़ खेल स्टेडियम में उपायुक्त की टीम जनसेतु–11 और पुलिस अधीक्षक की टीम रक्षक–11 के बीच खेले गए रोमांचक मुकाबले में रक्षक–11 की टीम विजयी रही। अधिकारियों को मैदान में खिलाड़ी के रूप में उतरते देख स्थानीय ग्रामीणों और युवाओं में खासा उत्साह और खुशी देखी गई। मैच में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त, एसडीएम, एसडीपीओ, शिक्षा विभाग के अधिकारी सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक पदाधिकारियों ने भाग लिया।इस आयोजन के जरिए यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि प्रशासन अब केवल कार्यालयों तक सीमित नहीं, बल्कि जनता के बीच सक्रिय रूप से मौजूद है। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे खेल आयोजन सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने, युवाओं को सकारात्मक दिशा देने और प्रशासन व आम जनता के बीच विश्वास मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। स्थानीय ग्रामीणों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे आत्मविश्वास बढ़ाने वाला कदम बताया।उल्लेखनीय है कि बारेसांढ़ खेल स्टेडियम का निर्माण वर्ष 2008 में हुआ था, जिसका उद्घाटन तत्कालीन सांसद इंदर सिंह नामधारी ने किया था। लंबे समय से देखरेख और मरम्मत के अभाव में स्टेडियम की स्थिति जर्जर हो गई है। स्थानीय लोगों ने इसके संरक्षण और विकास की मांग करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र के युवाओं को खेल से जोड़ने में मदद मिलेगी।यह आयोजन नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में लौटती शांति, विश्वास और विकास की दिशा में एक सशक्त और प्रेरणादायक मिसाल बनकर सामने आया है।

