धुरकी पुलिस का एक्शन: कनहर नदी से अवैध बालू ले जा रही 5 टिप्पर जब्त
धुरकी थाना क्षेत्र अंतर्गत कनहर नदी से अवैध खनन का मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कनहर नदी से अवैध रूप से बालू खनन कर पांच टिप्पर गाड़ियों के माध्यम से उसे ऊंचे दामों पर कनहर नदी से बेचने के लिए ले जाया जा रहा था। इस अवैध गतिविधि की गुप्त सूचना थाना प्रभारी जनार्दन राउत को मिली। सूचना मिलते ही उन्होंने तत्परता दिखाते हुए पुलिस बल के साथ कार्रवाई की।थाना प्रभारी जनार्दन राउत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित छापेमारी करते हुए पांचों टिप्पर गाड़ियों को जब्त कर लिया। सभी वाहनों को कब्जे में लेकर धुरकी थाना लाया गया। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि संबंधित वाहनों के पास खनन से संबंधित वैध कागजात उपलब्ध नहीं थे। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए मामले की सूचना खनन विभाग को दे दी है, ताकि अग्रिम कार्रवाई की जा सके।इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध खनन माफियाओं के बीच हड़कंप मच गया है। स्थानीय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। प्रशासन का कहना है कि प्राकृतिक संसाधनों की लूट किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि इससे अवैध खनन पर अंकुश लगे।

