डीसी प्रेरणा दीक्षित के निर्देश पर कार्रवाई, बच्चों से मध्याह्न भोजन सामग्री ढूलवाने वाले शिक्षक के अन्यत्र प्रतिनियोजन सहित आरोप पत्र गठित

डीसी प्रेरणा दीक्षित के निर्देश पर कार्रवाई, बच्चों से मध्याह्न भोजन सामग्री ढूलवाने वाले शिक्षक के अन्यत्र प्रतिनियोजन सहित आरोप पत्र गठित

गुमला – भरनो प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय कुम्हरो में बच्चों की शिक्षा की जगह मध्याह्न भोजन की सामग्री ढोने संबंधी समाचार पत्रों में प्रकाशित खबर के आलोक में जिला प्रशासन ने संज्ञान लेते हुए शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और अनुशासन बनाए रखने की दिशा में कार्रवाई की है। उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देश पर जिला शिक्षा अधीक्षक नूर आलम खां द्वारा संबंधित मामले की जांच कराते हुए आवश्यक प्रशासनिक निर्णय लिया गया है तथा मामले में जांच प्रक्रिया पूरी होने तक राजकीयकृत उत्क्रमित मध्य विद्यालय कुम्हरो, भरनो के सहायक शिक्षक-सह-प्रभारी प्रधानाध्यापक अरविंद कुमार तिवारी को प्रशासनिक दृष्टिकोण से राजकीयकृत उत्क्रमित उच्च विद्यालय जैरा, सिसई में प्रतिनियुक्त किया गया है, ताकि जांच कार्य निष्पक्ष रूप से संपन्न हो सके।

इसके साथ ही जिला शिक्षा अधीक्षक द्वारा अरविंद कुमार तिवारी से प्राप्त स्पष्टीकरण को असंतोषजनक मानते हुए उनके विरुद्ध इस मामले में आरोप पत्र तय करते हुए उपायुक्त के आदेशानुसार प्रखंड विकास पदाधिकारी सिसई को संचालन सह जांच पदाधिकारी नामित किया गया है । साथ ही क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारी पालकोट को मामले की लिए प्रस्तुति पदाधिकारी नामित किया गया है । प्रखंड विकास पदाधिकारी सिसई के जांच एवं मंतव्य के उपरांत इस मामले में नियमानुसार अग्रेत्तर कार्रवाई की जाएगी ।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शिक्षा व्यवस्था की गरिमा, अनुशासन एवं विद्यार्थियों के हितों से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के नेतृत्व में जिले में शिक्षा व्यवस्था को पारदर्शी, जवाबदेह और गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए लगातार पहल की जा रही है।