डीडी नेशनल के धारावाहिक “जन-जन में राम दिखेंगे गढ़वा के दिव्य प्रकाश शुक्ल
डीडी नेशनल के धारावाहिक “जन-जन में राम दिखेंगे गढ़वा के दिव्य प्रकाश शुक्ल
कला एवं समाज सेवा को समर्पित संस्था पंडित हर्ष द्विवेदी कला मंच, नवादा, गढ़वा (झारखण्ड) के मंच निदेशक नीरज श्रीधर ‘स्वर्गीय’ ने जानकारी दी कि पंडित हर्ष द्विवेदी कला मंच स्थापना काल से ही कला के विविध आयामों के माध्यम से भारतीय संस्कृति को जन-जन तक पहुँचाने का कार्य करता आ रहा है।
मंच द्वारा कभी नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से, कभी गीत-संगीत की प्रस्तुतियों के जरिए, तो कभी राष्ट्रीय चेतना को पोषित करने वाले आयोजन “तिलक करो इस मिट्टी से…” तथा नवोदित रचनाकारों को समर्पित “काव्यानुरागी” जैसे आयोजनों के माध्यम से समाज को उसकी संस्कृति, संस्कारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया जाता रहा है। साथ ही विभिन्न कला विधाओं से जुड़ी प्रतिभाओं को मंच प्रदान कर उनके निखार का सतत प्रयास किया जा रहा है।
नीरज श्रीधर ‘स्वर्गीय’ ने बताया कि इस मंच से निखरी कई प्रतिभाओं ने राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के अभिनय केंद्रित आयोजनों—प्रांतीय नाट्य प्रतियोगिता, एकल अभिनय प्रतियोगिता, इंडियाज़ बेस्ट ड्रामेबाज़ आदि में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है और गढ़वा को गौरवान्वित किया है।
उन्होंने आगे बताया कि मंच से जुड़े स्थानीय रचनाकार राज्य स्तरीय आयोजनों के साथ-साथ राष्ट्रीय काव्य मंचों पर डॉ. कुमार विश्वास, डॉ. हरिओम पंवार, यश मालवीय, श्लेष गौतम जैसे प्रतिष्ठित कवियों के साथ मंच साझा कर चुके हैं। प्रतिभा निखारने की दृष्टि से पंडित हर्ष द्विवेदी कला मंच द्वारा विविध गतिविधियाँ निरंतर आयोजित की जा रही हैं।
इसी क्रम में पंडित हर्ष द्विवेदी कला मंच के माध्यम से अपने अभिनय जीवन की शुरुआत करने वाले गढ़वा के दिव्य प्रकाश शुक्ल अब दूरदर्शन के राष्ट्रीय चैनल डीडी नेशनल पर प्रसारित होने वाले धारावाहिक “जन-जन में राम” में नजर आएंगे। वे इस धारावाहिक के एपिसोड 17 एवं 18 में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए 24 एवं 25 जनवरी 2026 को दर्शकों के सामने उपस्थित होंगे।
उल्लेखनीय है कि दिव्य प्रकाश शुक्ल ने कला मंच के अनेक नाटकों में सशक्त अभिनय के साथ-साथ बॉलीवुड तथा अन्य भाषाओं की फिल्मों में भी अभिनय कर अपनी प्रतिभा को निरंतर निखारा है।
दिव्य प्रकाश शुक्ल की इस उपलब्धि पर पंडित हर्ष द्विवेदी कला मंच परिवार स्वयं को गौरवान्वित महसूस करते हुए उनके सुखद, समृद्ध एवं यशस्वी भविष्य की मंगलकामना करता है।

