डायन-बिसाही के अंधविश्वास में तीन की निर्मम हत्या, दो गंभीर घायल
पांकी थाना क्षेत्र अंतर्गत आसेहार पंचायत के कुसड़ी गांव स्थित पुरानी बथान में डायन-बिसाही के अंधविश्वास को लेकर दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। इस नृशंस घटना में तीन लोगों की निर्मम हत्या कर दी गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महेशी भुईया की मृत्यु के बाद उनके पुत्र प्रमोद भुईया एवं रविन्द्र भुईया ने गांव के ही कुछ लोगों पर डायन-बिसाही कराने का आरोप लगाया। इसी अंधविश्वास और आपसी आरोप-प्रत्यारोप ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया।
हिंसक झड़प के दौरान विजय भुईया (उम्र लगभग 45 वर्ष), उनकी पत्नी कलिया देवी (40 वर्ष) एवं 17 वर्षीय छोटू भुईया की मौके पर ही निर्मम हत्या कर दी गई। वहीं इस घटना में ममता कुमारी (14 वर्ष) तथा पुत्रवधू नीतू देवी (25 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घायलों को तत्काल पांकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
स्थानीय ग्रामीणों का दबी जुबान से कहना है कि क्षेत्र में अब भी ओझा-गुणी और डायन-बिसाही जैसे अंधविश्वास गहराई से फैले हुए हैं, जिनके कारण इस तरह की घटनाएं बार-बार सामने आती रहती हैं।
घटना की सूचना मिलने के बावजूद चार घंटे तक पांकी थाना पुलिस के मौके पर नहीं पहुंचने को लेकर ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।
फिलहाल पूरे गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और क्षेत्र में अंधविश्वास के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाने की मांग की है।

