चतरा में कृषि यांत्रिकी केंद्र का शुभारंभ, अब किसानों को किराये पर मिलेंगे आधुनिक कृषि उपकरण

आज चतरा जिला के पत्थलगड़ा प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बरवाडीह के बरवाडीह गांव में एचआरडीपी परिवर्तन परियोजना के तहत एचडीएफसी बैंक के वित्तीय सहयोग एवं सपोर्ट संस्था के तकनीकी सहयोग से श्रीमती ललिता देवी एवं किसान समूह द्वारा संचालित कृषि यांत्रिकी केंद्र (Custom Hiring Center) का विधिवत उद्घाटन ग्राम पंचायत के मुखिया श्री संदीप कुमार सुमन उर्फ महेश दांगी द्वारा फीता काटकर किया गया।
इस अवसर पर मुखिया श्री संदीप कुमार सुमन उर्फ महेश दांगी ने कहा कि कृषि यांत्रिकी केंद्र की स्थापना क्षेत्र के किसानों के लिए एक सराहनीय एवं दूरदर्शी पहल है। इससे किसानों को आधुनिक कृषि उपकरण स्थानीय स्तर पर किराये पर उपलब्ध होंगे, जिससे खेती-बाड़ी के कार्य समय पर, कम लागत में एवं आसानी से संपन्न हो सकेंगे। उन्होंने किसान समूह से केंद्र का पारदर्शी एवं नियमित संचालन सुनिश्चित करने तथा अधिक से अधिक किसानों तक इस सुविधा का लाभ पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के उपरांत मुखिया एवं ग्रामीणों ने बरवाडीह में स्थापित कृषक पाठशाला का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने पॉलीहाउस, वेदर स्टेशन, वर्मी कम्पोस्ट यूनिट, नाडेप खाद इकाई, जलकुंड एवं अजोला पिट का अवलोकन किया।
इस अवसर पर परियोजना के तकनीकी विशेषज्ञ श्री अक्षय आनंद पाठक ने सभी संरचनाओं की उपयोगिता एवं संचालन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पॉलीहाउस के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण सब्जी एवं अन्य फसलों की नर्सरी तैयार की जा सकती है। वेदर स्टेशन किसानों को मौसम संबंधी जानकारी उपलब्ध कराकर वैज्ञानिक एवं समयबद्ध कृषि कार्य करने में सहायक है। वहीं वर्मी कम्पोस्ट एवं नाडेप के माध्यम से किसान उच्च गुणवत्ता की जैविक खाद तैयार कर मिट्टी की उर्वरता बढ़ा सकते हैं। जलकुंड सिंचाई के लिए जल संरक्षण का प्रभावी माध्यम है तथा अजोला पिट के माध्यम से पशुपालकों को कम लागत में पौष्टिक हरा चारा उपलब्ध कराया जा सकता है।
मुखिया एवं उपस्थित ग्रामीणों ने कृषक पाठशाला की विभिन्न गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि यह किसानों के लिए सीखने एवं आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने का एक उत्कृष्ट केंद्र बन रहा है। इससे क्षेत्र के किसानों में वैज्ञानिक एवं जैविक खेती के प्रति जागरूकता बढ़ेगी, आधुनिक कृषि पद्धतियों को बढ़ावा मिलेगा तथा खेती-बाड़ी की उत्पादकता एवं किसानों की आय में वृद्धि होगी।
कार्यक्रम में सपोर्ट संस्था के विनय कुंवर, भोला बांडु, कांति देवी एवं संजय दांगी सहित ग्रामीण महिला किसान ललिता देवी, रंजू देवी, काजल देवी, रूपा देवी, आंगिरा देवी तथा अन्य ग्रामीण किसान एवं महिलाएं उपस्थित रहीं। सभी ने कृषि यांत्रिकी केंद्र एवं कृषक पाठशाला की इस पहल की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र में आधुनिक, वैज्ञानिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।