चैनपुर में महिला मुखियाओं के लिए नेतृत्व निर्माण प्रशिक्षण संपन्न
चैनपुर में महिला मुखियाओं के लिए नेतृत्व निर्माण प्रशिक्षण संपन्न
पंचायती राज विभाग और ट्रांसफॉर्म रूरल इंडिया फाउंडेशन (TRI) के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार, 12 अप्रैल को डाल्टनगंज स्थित होटल ग्रैंड जयश्री में चैनपुर प्रखंड की निर्वाचित महिला मुखियाओं के लिए एक दिवसीय नेतृत्व निर्माण एवं स्थानीय शासन पर केंद्रित प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई।
इस कार्यशाला में चैनपुर प्रखंड की 13 महिला मुखियाओं—स्मृति देवी (ओरनार), सीमा देवी (करसो), धनवंती देवी (महुगवां), कुसुम कुमारी (कंकारी), बबीता देवी (झरीवा), अनीता देवी (बराव), गुंजा देवी (कोशियारा), निर्मला देवी (खुरा कला), चिंतामणि देवी (सलतुआ), मीना देवी (पथरा), नीता सिंह (चांदो), नेहा परवीन (तलैया भभंडी), और पार्वती देवी (रबदा)—ने भाग लिया।
प्रशिक्षण सत्र का संचालन TRI रांची के गवर्नेंस विशेषज्ञ श्री सौरभ भट्टाचार्जी ने किया, जिन्होंने पंचायत संचालन, नेतृत्व कौशल और जमीनी शासन के महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की। पलामू जिला से पीपीआई फेलो सुश्री एना रॉय चौधरी ने भी महिला प्रतिनिधियों से संवाद करते हुए अपने अनुभव साझा किए।
प्रशिक्षण में नागरिक और लाभार्थी के बीच अंतर, पंचायतों की भूमिका, और स्वास्थ्य एवं पोषण में लैंगिक दृष्टिकोण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। महिला नेतृत्व की विशेष भूमिका पर बल देते हुए पंचायतों के समग्र विकास हेतु ठोस कदमों की आवश्यकता को रेखांकित किया गया।
इस अवसर पर चैनपुर के चार संकुल संगठनों से सीएलएफ-एचआर प्रतिनिधियों सहित TRI चैनपुर टीम के श्री संदीप किरो, श्री मोनिस खान और श्री निखिल येड़े भी उपस्थित रहे।




