चाईबासा। नक्सलियों ने ओडिशा के रॉक्सी और रेंगड़ा स्टेशन के बीच रेल की पटरी को विस्फोट से उड़ाने का प्रयास किया है।

जिससे रेल खंड पर आवागमन बाधित हो गया। घटना देर रात 12 बजे के बाद हुई है, जब नक्सलियों ने पूर्व नियोजित ढंग से पटरी को विस्फोट से उड़ाने की कोशिश की। विस्फोट की तीव्रता इतनी कम थी कि रेल पटरी को विशेष नुकसान नहीं पहुंचा है। सिर्फ सीमेंट का स्लीपर क्षतिग्रस्त हुआ है। नक्सलियों ने रेल लाइन पर बैनर भी लगाया है। भाकपा माओवादी संगठन ने झारखंड, ओडिशा, बिहार और छत्तीसगढ़ में 24 घंटे के भारत बंद का आह्वान किया है। जो बीती रात 12 बजे से प्रभावी है। बंद के समर्थन में नक्सलियों ने पर्चे और पोस्टर छोड़े हैं। पोस्टरों में नक्सलियों ने ‘पुलिसिया दमन के खिलाफ जन प्रतिरोध’ की अपील की गई है। इस घटना के बाद झारखंड और ओडिशा की सीमा पर भारी संख्या में सुरक्षाबलों को तैनात कर दिया गया है