बरवाडीह में श्रद्धा व उत्साह के साथ मनाई गई सरस्वती पूजा

बरवाडीह प्रखंड मुख्यालय सहित ग्रामीण क्षेत्रों में शुक्रवार को विद्या की देवी मां सरस्वती की पूजा श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुई। विद्यालयों, कोचिंग संस्थानों एवं चौक-चौराहों पर स्थापित मां सरस्वती की प्रतिमाओं की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। आदर्श नगर, मुख्य बाजार, शांति निकेतन पब्लिक स्कूल, सेंट सोल्जर पब्लिक स्कूल, पेटल ब्लूम एकेडमी सहित कई सरकारी व निजी विद्यालयों में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने मां सरस्वती की आराधना कर विद्या, विवेक और सद्बुद्धि का वरदान मांगा। शनिवार को विभिन्न पूजा पंडालों से गाजे-बाजे के साथ मां सरस्वती की प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। विसर्जन के दौरान भक्तों की आंखें नम दिखीं और अगले वर्ष पुनः आने की कामना के साथ विदाई दी गई। इससे पूर्व आदर्श नगर समेत अन्य स्थानों पर भंडारे का आयोजन कर श्रद्धालुओं के बीच खिचड़ी महाप्रसाद का वितरण किया गया। आदर्श नगर में आयोजित पूजा कार्यक्रम में प्रमुख सुशीला देवी बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहीं। इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष मनोज प्रसाद, सांसद प्रतिनिधि दीपक राज, पंचायत समिति सदस्य प्रवीण कुमार, एससी मोर्चा अध्यक्ष दिलीप पासवान, हेमंत कश्यप, जनता पाल, चंदन, राजा, प्रेम कुमार, बिट्टू कुमार, विक्की कुमार, भगवान दास, शुभम नाथ, शिवम नाथ, सत्यनारायण समेत कई गणमान्य लोग मौजूद थे। मुख्य अतिथि सुशीला देवी ने कहा कि मां सरस्वती ज्ञान, संस्कार और सद्बुद्धि की प्रतीक हैं। उनके आशीर्वाद से समाज और राष्ट्र का सर्वांगीण विकास संभव है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ संस्कारों को भी आत्मसात करने की अपील की।