“बरवाडीह में डीसी-एसपी की बैठक, ईद-सरहुल-रामनवमी को लेकर हाई अलर्ट

बरवाडीह प्रखंड सभागार में आज आगामी ईद,सरहुल एवं रामनवमी पर्व के अवसर पर जिले में सुरक्षा व्यवस्था एवं विधि-व्यवस्था के सुचारू संधारण को लेकर आज उपायुक्त श्री उत्कर्ष गुप्ता एवं पुलिस अधीक्षक श्री कुमार गौरव की संयुक्त अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित प्रखंड के प्रशासनिक पदाधिकारी एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान पर्व-त्योहारों के दौरान शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने, संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने तथा विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ रखने पर विस्तृत चर्चा की गई।
उपायुक्त ने मनिका प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में जुलूस मार्ग का भौतिक सत्यापन करें तथा सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करें। उन्होंने पर्वों के दौरान भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखने, असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने तथा त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि संवेदनशील स्थलों की पहचान कर वहां विशेष सतर्कता बरती जाए तथा आवश्यकतानुसार दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं प्रतिबद्ध है। उन्होंने असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने एवं किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को देने की बात कही। बैठक के दौरान जुलूस मार्ग, समय निर्धारण, ध्वनि प्रदूषण, ट्रैफिक व्यवस्था, बिजली एवं पेयजल आपूर्ति सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी विस्तृत चर्चा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर कार्य करने एवं पर्व के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इसके उपरांत उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा बरवाडीह प्रखंड पहुंचकर पर्वों के मुद्दे नजर की जा रही तैयारियों का स्थलीय जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी, बरवाडीह को विधि-व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने, भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी लातेहार श्री अजय कुमार रजक, प्रखंड विकास पदाधिकारी,मनिका, अंचल अधिकारी,मनिका, बरवाडीह प्रखंड विकास पदाधिकारी, बरवाडीह अंचल अधिकारी, सम्बंधित उपस्थित थे ।