बरवाडीह के वाहन चालकों को टोल टैक्स से हो रही परेशानी, ग्रामीणों में नाराजगी
बरवाडीह:-बरवाडीह क्षेत्र के वाहन चालकों को इन दिनों टोल टैक्स को लेकर काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दुबियाखाड़ से महज तीन किलोमीटर की दूरी तय करने के लिए भी वाहन चालकों को टोल टैक्स देना पड़ रहा है, जिससे स्थानीय लोगों में गहरी नाराजगी देखी जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि इतनी कम दूरी के लिए टोल वसूली करना उचित नहीं है।स्थानीय लोगों के अनुसार बरवाडीह के लोगों का सबसे नजदीकी शहर मेदिनीनगर है, जहां रोजमर्रा के कामों जैसे बाजार, इलाज, शिक्षा और अन्य जरूरी कार्यों के लिए लोगों का आना-जाना लगा रहता है। ऐसे में बार-बार टोल टैक्स देना आम लोगों के लिए आर्थिक बोझ बनता जा रहा है।
इतना ही नहीं, बरवाडीह क्षेत्र पर्यटन की दृष्टि से भी काफी महत्वपूर्ण है। यहां स्थित बेतला नेशनल पार्क समेत कई प्रमुख पर्यटन स्थल होने के कारण क्षेत्र में पर्यटकों का भी आवागमन होता रहता है। स्थानीय लोगों का मानना है कि टोल टैक्स की वजह से न सिर्फ आम लोग बल्कि पर्यटक भी परेशान हो रहे हैं।ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि बरवाडीह के स्थानीय वाहन चालकों को टोल टैक्स से मुक्त किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक आर्थिक बोझ से राहत मिल सके। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

