भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर पर नया मोड़, CBI जांच की उठी मांग
बिहार के भोजपुर जिले में हुए भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले को लेकर सियासत तेज हो गई है। राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आरक्षण मोर्चा के अध्यक्ष हाजी मोहम्मद परवेज सिद्दीकी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि कथित पुलिस मुठभेड़ में हुई मौत को लेकर राज्यभर में कई सवाल उठ रहे हैं, ऐसे में निष्पक्ष जांच जरूरी है।
परवेज सिद्दीकी के अनुसार, उनकी शिकायत प्रधानमंत्री कार्यालय और गृह मंत्रालय द्वारा प्राप्त कर ली गई है और मामला विचाराधीन है। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष जांच से जनता का विश्वास मजबूत होगा और वास्तविक तथ्य सामने आएंगे।
वहीं, बिहार सरकार ने भी मामले की जांच तेज कर दी है। एडीजी (कानून-व्यवस्था) सुधांशु कुमार ने बताया कि जांच की जिम्मेदारी शाहाबाद रेंज के डीआईजी को सौंपी गई है। मामले की पड़ताल में फोरेंसिक जांच, डिजिटल साक्ष्य, वीडियो फुटेज और अन्य वैज्ञानिक तरीकों का सहारा लिया जा रहा है।

