भंडारा के साथ महायज्ञ अनुष्ठान हुआ संपन्न
भंडारा के साथ महायज्ञ अनुष्ठान हुआ संपन्न
हवन करते पूर्व मंत्री व श्रद्धालु
फोटो:यज्ञ मंडप में हवन करते पूर्व मंत्री व अन्य श्रद्धालु
हुसैनाबाद अनुमंडल मैदान स्थित मां तारा शक्ति दुर्गा मंदिर में मां दुर्गा की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर पांच दिवसीय महायज्ञ पांचवें दिन माता को भोग लगा कर भंडारा के साथ संपन्न हो गया। अंतिम दिन माता की प्राणप्रतिष्ठा के उपरांत बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने दर्शन व पूजन किया।यज्ञ एवं प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान आचार्य भैरोनाथ जी महाराज के नेतृत्व में संपन्न कराया गया। यजमान के रूप में चंदन सिंह एवं ज्योत्सना सिंह रहे।भंडारा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।भंडारा के साथ संपन्न हुए यज्ञ कार्यक्रम में पूर्व मंत्री भाजपा नेता कमलेश कुमार सिंह ने कहा कि सृष्टि को चलाने वाले के प्रति आस्था सभी को होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि उन्होंने मंदिर निर्माण कर माता की भव्य प्रतिमा स्थापित करने का जो प्रण लिया था, उसे माता ने पूरा कराया। उन्हें काफी खुशी है। उन्होंने राज्य व पलामू वासियों की खुशहाली की कामना माता रानी से की। उन्होंने कहा कि हुसैनाबाद शहर में माता का भव्य मंदिर बन जाने से आम लोगों को पूजा पाठ करने में सुविधा होगी। उन्होंने भंडारा एवं पूजन में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इस अनुष्ठान में शहर वासियों व भाजपा कार्यकर्ताओं का भरपूर सहयोग मिला। इसके लिए वह आभारी हैं। उन्होंने कहा कि माता रानी का मंदिर युगों युगों तक रहेगा। पूजन हवन होता रहेगा। माता रानी क्षेत्र वासियों का कल्याण करेंगी। मौके पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता नेता मौजूद थे।
