भारत की बढ़ती जनसंख्या सरकार के लिए बनी सिरदर्द
जनसंख्या नियंत्रण को लेकर भारत सरकार लगातार तमाम प्रयास कर रही है, बावजूद इसके भारत की जनसंख्या बढ़ती जा रही है. अब संयुक्त राष्ट्र से आई ‘वर्ल्ड पॉपुलेशन प्रॉस्पेक्ट्स 2024’ रिपोर्ट में इस बात का खुलासा किया गया है कि आने वाले समय में भारत की जनसंख्या और भी अधिक होने वाली है. संयुक्त राष्ट्र ने कहा कि साल 2060 के दश की शुरुआत में भारत की आबादी 1.7 अरब हो सकती है. इसके बाद इसमें 12 फीसदी की कमी आएगी, लेकिन इसके बाद भी यह दुनिया का सबसे अधिक जनसंख्या वाला देश बना रहेगा.
गुरुवार को जारी हुई ‘वर्ल्ड पॉपुलेशन प्रॉस्पेक्ट्स 2024’ रिपोर्ट में इस बात का भी खुलासा किया गया है कि आने वाले 50-60 सालों में पूरी दुनिया की आबादी बढ़ती रहेगी. मौजूदा समय में पूरी दुनिया में करीब 8.2 अरब लोग रहते हैं, 2080 के दशक तक दुनिया की आबादी 10.3 अरब होने का अनुमान है. फिलहाल, चरम पर पहुंचने के बाद दुनिया की जनसंख्या में थोड़ी गिरावट होगी और यह सदी के अंत तक 10.2 अरब तक हो जाएगी.
