भाकपा माले और रसोइया संघ ने दी दिवंगत नेत्री कॉमरेड अनीता देवी को भावभीनी श्रद्धांजलि

भाकपा माले और रसोइया संघ ने दी दिवंगत नेत्री कॉमरेड अनीता देवी को भावभीनी श्रद्धांजलि।

मेदिनीनगर (पलामू): भाकपा माले की राज्य कमिटी सदस्य और झारखंड राज्य विद्यालय रसोइया संघ की अध्यक्ष कॉमरेड अनीता देवी के बीते 7 मार्च को हुए असामयिक निधन पर आज पलामू जिला कार्यालय में प्रमंडल स्तरीय श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस सभा का सफल संचालन संयुक्त रूप से गढ़वा की पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष सुषमा मेहता, पांकी जिला परिषद सदस्य खुशबू कुमारी, राहिना बीबी, ऊषा देवी, रेखा देवी और कलावती देवी ने किया। कार्यक्रम को मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करते हुए भाकपा माले के पोलित ब्यूरो सदस्य सह प्रमंडलीय प्रभारी कॉमरेड हलधर महतो ने कहा कि अनीता देवी का निधन पार्टी के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उन्होंने पलामू के महादलित समुदाय से निकलकर पूरे राज्य में रसोइया संगठन का जो ढांचा तैयार किया, वह उनके जुझारू व्यक्तित्व का प्रमाण है। हलधर महतो ने जोर देकर कहा कि आज रसोइया दीदियों को जो मानदेय बढ़ा है, वह अनीता देवी के निरंतर संघर्षों की ही देन है। उन्होंने यह साबित कर दिखाया कि यदि मन में दृढ़ संकल्प हो, तो किसी भी चुनौती को पार किया जा सकता है।
अपने संबोधन के दौरान कॉमरेड हलधर महतो ने वर्तमान राजनीतिक स्थिति पर भी प्रहार किया। उन्होंने कहा कि आज भाजपा सरकार आम लोगों को गुलाम बनाने की साजिश रच रही है और साम्राज्यवादी ताकतें देश को पीछे धकेलने का काम कर रही हैं। उन्होंने देश की संप्रभुता पर अमेरिकी हस्तक्षेप का जिक्र करते हुए जनता से जागरूक होने की अपील की। श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करने वालों में भाकपा माले के केंद्रीय कमिटी सदस्य सुवेंदु सेन, गीता मंडल, लातेहार जिला सचिव बिरजू राम, गढ़वा जिला सचिव कालीचरण मेहता और जेएमएम जिलाध्यक्ष राजेंद्र सिन्हा प्रमुख थे। इनके अलावा सीपीआई के मृत्युंजय शर्मा, संत मरियम स्कूल के चेयरमैन अविनाश देव, मजदूर नेता गौतम दा, सब्बीर अहमद, दिहाड़ी मजदूर यूनियन के राजीव सिंह, झारखंड निर्माण मजदूर यूनियन के रवि पाल, किसान नेता डॉ. बी.एन. सिंह, प्रदीप विश्वकर्मा, कमेश सिंह चेरो और इंकलाबी नौजवान सभा के राज्य सचिव अविनाश रंजन, आइसा राज्य सचिव त्रिलोकीनाथ, राज्य उपाध्यक्ष रंजीत कुमार सिंह,जिला सचिव गौतम दांगी, सीटू से सुधा सुमन ने भी संबोधित किया। भारी संख्या में माले और रसोइया संघ के कार्यकर्ताओं ने अपनी प्रिय नेत्री को नमन किया। वक्ताओं ने एक स्वर में अनीता देवी के संघर्षों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया और कहा कि उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा। सभा के अंत में उपस्थित जनसमूह ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा के प्रति अपना सम्मान प्रकट किया।