बांसडीह घाट में अनियंत्रित होकर गिरी बाइक, युवक गंभीर घायल; सदर अस्पताल में भर्ती

बांसडीह घाट में अनियंत्रित होकर गिरी बाइक, युवक गंभीर घायल; सदर अस्पताल में भर्ती

गुमला। रायडीह थाना क्षेत्र के काटा सारू गांव निवासी 20 वर्षीय अनिल उरांव सोमवार देर दोपहर सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया। बांसडीह घाट के समीप उसकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई, जिससे वह बुरी तरह जख्मी हो गया।
घटना के बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए परिजनों को सूचना दी और घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल गुमला पहुंचाया। फिलहाल अस्पताल में उसका इलाज जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अनिल उरांव मजदूरी का काम करता है। वह सोमवार को गुमला में काम खत्म कर बाइक से अपने घर काटा सारू लौट रहा था। इसी दौरान बांसडीह घाट के पास अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई और वह सड़क पर गिर पड़ा। हादसे में उसे गंभीर चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन अस्पताल पहुंचे। चिकित्सकों के अनुसार युवक की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। वहीं इस हादसे के बाद परिजनों में चिंता का माहौल है।

You may have missed