अवैध हथियार के साथ दो अपराधी गिरफ्तार – दो देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस एवं एक स्मार्ट फोन बरामद

दिनांक 02.06.2025 को अपराह्न लगभग 14:00 बजे थाना प्रभारी, लेस्लीगंज को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम भकासी निवासी सुनील कुमार (उम्र 22 वर्ष, पिता- फोटो साव) के पास अवैध हथियार है और वह गाँव में संदिग्ध रूप से घूमता देखा गया है। प्राप्त सूचना के अनुसार वह किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में था।

सूचना प्राप्त होते ही वरीय पदाधिकारियों को अवगत कराया गया तथा पुलिस अधीक्षक, पलामू के दिशा-निर्देशन में त्वरित कार्रवाई हेतु एक छापामारी दल का गठन किया गया। छापामारी के क्रम में जैसे ही पुलिस दल ग्राम भकासी स्थित सुनील कुमार के घर पहुँचा, एक युवक पुलिस को देखकर भागने लगा जिसे घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम सुनील कुमार (उम्र 22 वर्ष) बताया। संदेह के आधार पर उसकी तलाशी ली गई जिसमें उसकी कमर से एक देशी कट्टा, 8mm का लोडेड जिन्दा कारतूस तथा पैकेट से वन प्लस का स्मार्ट फोन बरामद हुआ।

आगे उसकी निशानदेही पर उसके मित्र करण कुमार (उम्र 22 वर्ष, पिता – जामुन राम, ग्राम – चनैगिर) के घर से भी एक देशी कट्टा एवं 8mm का लोडेड जिन्दा कारतूस बक्से में रखा हुआ बरामद किया गया।

दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर लेस्लीगंज थाना कांड संख्या – 67/2025, दिनांक – 02.06.2025, धारा – 25(1-B)(a)/26 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अग्रेतर विधिक कार्रवाई की जा रही है।