अखबार विक्रेता से समाजसेवक तक – अब वार्ड की सेवा का संकल्प

अखबार विक्रेता से समाजसेवक तक – अब वार्ड की सेवा का संकल्प

सिहोडीह की मिट्टी में पला-बढ़ा एक साधारण युवक, जिसने बचपन की गरीबी को बहुत करीब से देखा, आज उसी समाज की सेवा के लिए संकल्प लेकर वार्ड के चुनाव में खड़ा है।

हम बात कर रहे हैं श्याम कुमार की। सिहोडीह निवासी श्याम कुमार, जिनका बचपन आर्थिक तंगी में बीता। पर हालातों से हार नहीं मानी आठवीं कक्षा से ही अखबार बेचकर अपनी पढ़ाई जारी रखी और स्नातक (पार्ट-2) तक की शिक्षा पूरी की। परिवार की कमजोर आर्थिक स्थिति के कारण पढ़ाई के साथ-साथ अखबार वितरण को ही अपना मुख्य कार्य बनाया। मेहनत, ईमानदारी और संघर्ष से घर की स्थिति को सुधारा।

अखबार बाँटते-बाँटते उन्होंने समाज की समस्याओं को बहुत करीब से महसूस किया—टूटी सड़कें, जाम नालियाँ, गली-मोहल्लों की बदहाली। मन में ठाना कि केवल खबरें पहुँचाने तक सीमित नहीं रहना है, बल्कि समस्याओं के समाधान की आवाज भी बनना है।

वरिष्ठ पत्रकार चुन्नूकांत के मार्गदर्शन में गिरिडीह में पत्रकारिता की शुरुआत की। अपनी लेखनी के माध्यम से जनप्रतिनिधियों और प्रशासन तक जनता की समस्याएँ पहुँचाईं और उनके समाधान की पहल में सक्रिय भूमिका निभाई।

युवाओं के लिए निरंतर प्रयास

पिछले 12 वर्षों से “सिहोडीह चैंपियंस ट्रॉफी क्रिकेट टूर्नामेंट” का सफल आयोजन कर युवाओं की प्रतिभा को मंच दिया। इतना ही नहीं, मोहल्ले के युवाओं के साथ मिलकर “सहयोग समिति सिहोडीह” का गठन किया। इस समिति के माध्यम से गरीब और असहाय परिवारों को कपड़े एवं खाद्य सामग्रियों का वितरण, प्रतिभावान बच्चों के लिए प्रतिभा सम्मान समारोह,
मतदान और रक्तदान के प्रति जागरूकता अभियान, वार्ड स्तर पर सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी सहित कई कार्य किए।

अब एक नया संकल्प

श्याम कुमार का कहना है कि इन्होंने वार्ड की समस्याओं को सिर्फ उठाया ही नहीं, बल्कि समाधान के लिए निरंतर प्रयास भी किया। अब समय है सेवा को और गति देने का। इसी उद्देश्य से वे वार्ड पार्षद पद के लिए चुनाव मैदान में हैं। इनका वादा है कि यदि मौका मिला तो
वे अपने वार्ड को एक स्वच्छ और व्यवस्थित वार्ड बनाएंगे, जिसमें सड़क, नाली और जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था होगी, युवाओं के लिए खेल एवं रोजगार मार्गदर्शन रहेगा, जरूरतमंदों के लिए निरंतर सहयोग मिलेगा और उनकी पारदर्शी और जवाबदेह कार्यशैली होगी।