ऐतिहासिक और संतुलित बजट से पलामू को मिलेगी नई दिशा: पाटन प्रमुख शोभा देवी

ऐतिहासिक और संतुलित बजट से पलामू को मिलेगी नई दिशा: पाटन प्रमुख शोभा देवी

पाटन (पलामू): पाटन प्रमुख शोभा देवी ने बुधवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि झारखंड सरकार के माननीय वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर द्वारा विधानसभा में प्रस्तुत वर्ष 2026-27 का मूल बजट ऐतिहासिक, संतुलित और सर्वसमावेशी है। उन्होंने कहा कि यह बजट समाज के सभी वर्गों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जो राज्य के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
प्रमुख ने कहा कि इस बजट में पलामू जिले के बहुचर्चित अमानत बराज को पूर्ण करने हेतु राशि का प्रावधान किया गया है। अमानत बराज के पूर्ण होने से जिले के पांकी, मनातू, पाटन एवं तरहसी प्रखंडों में सिंचाई व्यवस्था सुदृढ़ होगी और यह किसानों के लिए लाइफलाइन साबित होगा। इससे कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी तथा किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।
उन्होंने आगे बताया कि पलामू जिले के कुंदरी स्थित लाह बागान को पुनर्स्थापित करने तथा वहां फैक्ट्री स्थापना के लिए भी बजट में प्रावधान किया गया है। इससे हजारों युवाओं एवं लाह उत्पादन से जुड़े ग्रामीण परिवारों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।
इसके अतिरिक्त मेदिनीनगर में फ्लाईओवर निर्माण के लिए भी बजट में राशि उपलब्ध कराने का प्रस्ताव पारित किया गया है, जिससे शहरी यातायात व्यवस्था में सुधार होगा और क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी।
प्रमुख शोभा देवी ने कहा कि पंचायत राज विभाग के अंतर्गत त्रिस्तरीय पंचायत प्रतिनिधियों को पंचम राज्य वित्त आयोग के तहत राशि उपलब्ध कराने का प्रस्ताव भी बजट में शामिल किया गया है। यह निर्णय ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2026-27 का यह बजट राज्य की विकास गति को तेज करने वाला और ग्रामीण-शहरी संतुलन स्थापित करने वाला बजट है। इसके लिए उन्होंने पाटन प्रखंड की ग्रामीण जनता की ओर से वित्त मंत्री एवं राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।

You may have missed