अधिक दाम पर यूरिया बेचना पड़ा महंगा,जिला कृषि पदाधिकारी ने दो बीज भंडार किया सील

उर्वरक के जीरो टॉलरेंस नीति के तहत प्रत्येक प्रखंडों में अवस्थित उर्वरक प्रतिष्ठानों पर जिला कृषि पदाधिकारी दीपक कुमार के नेतृत्व में लगातार छापेमारी की जा रही है।इसका उद्देश्य उर्वरक का वितरण किसानों के बीच ससमय एवं आसानीपूर्वक करना है। बताते चलें कि जिला कृषि पदाधिकारी ने लगातार किसानों द्वारा दुगने नाम पर मिल रहे यूरिया की शिकायत मिलने पर मुख्यालय समेत सभी प्रखंड के बीज भंडार संचालकों को मंगलवार को बैठक कर उचित दर पर यूरिया खाद बेचने का निर्देश दिया गया था। जिला कृषि पदाधिकारी के नेतृत्व में निकली टीम ने नीलांबर पितांबरपुर व पाटन प्रखंड अंतर्गत विभिन्न बीज भंडारों का निरीक्षण किया।इस दौरान यह जानकारी मिली कि सरकारी दर पर यूरिया बचने के निर्देश के बावजूद नीलांबर पितांबरपुर मुख्य बाजार स्थित लक्ष्मी बीज भंडार द्वारा 500 रुपए प्रति बोरा यूरिया बेचा जा रहा है। इस दौरान कृषि पदाधिकारी द्वारा दुकान में रखे 16 बोरा यूरिया भी जप्त कर किसानों के बीच सरकारी दर से बेचा गया। जांच के दौरान संबंधित यूरिया खाद के चालान मांगने पर दुकानदार दिखने में असमर्थ रहा।वहीं जब टीम पाटन प्रखंड अंतर्गत विभिन्न खाद बीज भंडार की जांच करने पहुंची। इस दौरान पाटन बीडीओ अमित कुमार झा भी मौजूद रहे।पाटन स्थित मणि बीज भंडार नामक दुकान से सरकारी दर से अधिक दर पर यूरिया बेचने की शिकायत मिली। इसके बाद कृषि पदाधिकारी ने दुकान को सील कर दुकान के गोदाम से 47 बोरा यूरिया जप्त कर बीडीओ को सौंप दिया। उन्होंने बीडीओ को उक्त यूरिया सरकारी दर पर दुकानदार की उपस्थिति में किसानों के बीच बेचे जाने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान मनोज कुमार सिंह,पाटन प्रखंड कृषि पदाधिकारी राजेश कुमार, चंद्रमणि कुमार,जुगल किशोर समेत अन्य कृषि विभाग कर्मी उपस्थित रहे।

शिकायत मिलने पर होगी कार्रवाई: जिला कृषि पदाधिकारी

इस संबंध में जिला कृषि पदाधिकारी दीपक कुमार ने बताया कि उर्वरक के जीरो टॉलरेंस नीति का जिले में सख्ती से पालन किया जायेगा तथा किसी भी उर्वरक प्रतिष्ठान द्वारा उर्वरक की कालाबाजारी एवं अधिक मूल्य पर उर्वरक की बिक्री की जाती है तो वैसे प्रतिष्ठान को चिन्ह्ति कर कठोर कार्रवाई की जायेगी।