आर्थिक तंगी और दादन के दबाव से युवक ने की आत्महत्या, गांव में पसरा मातम
भरनो (गुमला) – थाना क्षेत्र के डूबों पंचायत अंतर्गत चम्पा टोली गांव में आर्थिक तंगी और काम के दबाव से परेशान एक युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने की दर्दनाक घटना सामने आई है। मृतक की पहचान गांव निवासी 25 वर्षीय प्रदीप उरांव के रूप में हुई है। घटना बुधवार देर रात की बताई जा रही है, जिससे पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।
मिली जानकारी के अनुसार प्रदीप उरांव ने अपने ही घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। गुरुवार सुबह जब परिजनों और ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिली तो गांव में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना ग्रामीणों ने डूबों पंचायत के मुखिया जयराम उरांव को दी, जिसके बाद उन्होंने तत्काल भरनो थाना पुलिस को इसकी जानकारी दी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी कर गुरुवार को शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया गया।
ग्रामीणों के अनुसार मृतक प्रदीप उरांव मजदूरी के लिए अक्सर ईंट भट्ठों में काम करने जाया करता था। बताया जा रहा है कि इस बार भी वह मजदूरी के लिए जाने की तैयारी कर रहा था और इसके लिए उसने अलग-अलग सरदारों से दादन (अग्रिम राशि) ले रखी थी। जानकारी के मुताबिक उसने एक नहीं बल्कि दो से तीन सरदारों से अग्रिम पैसा लिया था।
बताया जाता है कि सभी सरदार उसे जल्द से जल्द भट्ठा में काम करने के लिए दबाव बना रहे थे। इनमें से एक सरदार को उसने 5 मार्च को भट्ठा जाने का आश्वासन भी दिया था, लेकिन तय समय से पहले ही 4 मार्च की रात उसने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। इधर पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू से जांच में जुट गई है, ताकि आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाया जा सके।

