आर्चबिशप विंसेंट आईंद ने बेघर और गरीबों में बांटा भोजन
शुक्रवार, दिसम्बर 26, 2025, राँची: आज राँची काथलिक पल्ली के सोसाइटी ऑफ सेंट विंसेंट डी पॉल द्वारा गरीबों एवं बेघर को भोजन खिलाने का आयोजन किया गया। इस भोजन खिलाने के वार्षिक कार्यक्रम में राँची काथलिक महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद ने भोजन एवं कंबल का वितरण किया।

25 दिसंबर को ख्रीस्त विश्वासी प्रभु येसु ख्रीस्त के जन्म दिवस पर क्रिसमस का पर्व मनाते हैं। और आज उसी प्रभु येसु ख्रीस्त के ग़रीबों पर दया एवं सहानुभूति प्रदर्शित करने की शिक्षा का पालन करते हुए सोसाइटी ऑफ संत विंसेंट डी पॉल ने लोयोला ग्राउंड राँची में गरीबों को भोजन खिलाने के दया कार्य का आयोजन किया। सोसाइटी ऑफ सेंट विंसेंट डी पॉल वर्ष 1975 से प्रत्येक वर्ष क्रिसमस के बाद भोजन खिलाने एवं कपड़े वितरण का कार्य करती आ रही है। इस भोजन खिलाने के कार्यक्रम में राँची काथलिक महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद भी उपस्थित रहे। सर्वप्रथम महाधर्माध्यक्ष ने प्रार्थना करते हुए सभी के लिए ईश्वर पिता से अच्छे जीवन की कामना की। तत्पश्चात उन्होंने भोजन के पहले की प्रार्थना अर्पित कर सभी उपस्थित गरीबों एवं बेघर लोगों में भोजन एवं कंबल का वितरण किया। उनके साथ सांसद श्रीमती महुवा मांझी भी उपस्थित रहीं और उन्होंने भी भोजन एवं कंबल वितरण किया। महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद ने राँची काथलिक पल्ली के सोसाइटी ऑफ सेंट विंसेंट डी पॉल के इस सेवा कार्य की सराहना की। श्रीमति महुवा मांझी जी ने भी सभी स्वयं सेवकों की प्रशंसा करते हुए उनके इस सेवा कार्य में हर प्रकार की सहायता देने का आश्वासन दिया।
भोजन खिलाने के इस दया कार्य में राँची काथलिक महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद, सांसद श्रीमति महुवा मांझी जी, उनके सुपुत्र श्री सोमबित मांझी, राँची पल्ली के सहायक पुरोहित फाo जॉर्ज मिंज, आर्चबिशप के सचिव फ़ा० असीम मिंज एवं सोसाइटी ऑफ सेंट विंसेंट डी पॉल के सदस्य एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
