आईएएस में प्रोन्नति के बाद दिलेश्वर महतो ने संभाला उप विकास आयुक्त गुमला का पदभार
आईएएस में प्रोन्नति के बाद दिलेश्वर महतो ने संभाला उप विकास आयुक्त गुमला का पदभार
सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन व जिले के समग्र विकास को दी प्राथमिकता
गुमला – भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) में प्रोन्नति प्राप्त करने के पश्चात दिलेश्वर महतो ने शनिवार पूर्वाह्न गुमला के उप विकास आयुक्त (डीडीसी) के पद का विधिवत पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करते ही उन्होंने जिले में चल रही विकास योजनाओं की प्रगति को गति देने तथा प्रशासनिक कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में कार्य करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
यह नियुक्ति कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग, झारखंड सरकार, रांची की अधिसूचना संख्या–1/सीo/205/2026 का०–1614 दिनांक 13 मार्च 2026 के आलोक में की गई है। अधिसूचना जारी होने के बाद उन्होंने गुमला में पुनः उप विकास आयुक्त के रूप में अपना योगदान देते हुए आधिकारिक रूप से कार्यभार संभाल लिया।
पदभार ग्रहण करने के बाद दिलेश्वर महतो ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी एवं विकास योजनाओं को प्रभावी तरीके से धरातल पर उतारना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विकास, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, आजीविका संवर्धन तथा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लाभ को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मियों के साथ समन्वय स्थापित कर योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन को सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही विकास कार्यों की नियमित समीक्षा कर उन्हें समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पूरा करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
नवनियुक्त उप विकास आयुक्त के रूप में दिलेश्वर महतो के पदभार ग्रहण करने से जिला प्रशासन में विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मियों ने भी उनसे मुलाकात कर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।


