पलामू परवाज कार्यक्रम में 10 लोगों को मिला नियुक्ति पत्र, डीसी ने बच्चों को दिया शिक्षा का संदेश

पलामू परवाज: हर बच्चे की उड़ान, शिक्षा के साथ कार्यक्रम में 10 लोगों को मिला नियुक्ति पत्र

सिंदुरिया में दूसरे आयोजन के दौरान उपायुक्त ने बच्चों के साथ किया संवाद, कहा- पहले शिक्षा, फिर नौकरी और इसके बाद शादी

सतबरवा (पलामू): बच्चों को शिक्षा से जोड़ने, उनके भविष्य को बेहतर बनाने और समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शनिवार को सदर प्रखंड के सिंदुरिया स्थित शिव मंदिर के समीप ‘पलामू परवाज: हर बच्चे की उड़ान, शिक्षा के साथ’ कार्यक्रम के दूसरे आयोजन का किया गया। कार्यक्रम में जिले के उपायुक्त दिलीप सिंह शेखावत मुख्य रूप से शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने 10 लोगों को नियुक्ति पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वालों में गुफरान अहमदी, राजू कुमार प्रजापति, संतोष कुमार पाल, सीमा कुमारी गुप्ता, मो. शाहिद, मुकेश कुमार मंडल, सुधीर कुमार विश्वकर्मा, दिनेश दत्ता, सुमित्रा कुमारी एवं सुधा कुमारी शामिल हैं। नियुक्ति पत्र मिलने पर लाभुकों में खुशी देखी गई।

कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त दिलीप सिंह शेखावत ने सिंदुरिया विद्यालय के बच्चों से सीधे संवाद किया। उन्होंने बच्चों को पढ़ाई के प्रति प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में शिक्षा सबसे महत्वपूर्ण है। हर बच्चे को सबसे पहले अपनी पढ़ाई पूरी करने और अपने पैरों पर खड़ा होने का लक्ष्य रखना चाहिए। उन्होंने प्रेरणादायक अंदाज में कहा कि पहले शिक्षा, फिर नौकरी और इसके बाद शादी होनी चाहिए। शिक्षा के बिना जीवन में आगे बढ़ना मुश्किल है। पढ़ाई ही वह माध्यम है, जिसके जरिए बच्चे अपने परिवार, समाज और जिले का नाम रोशन कर सकते हैं।

उपायुक्त ने बच्चों को अपने भविष्य के प्रति गंभीर रहने, नियमित विद्यालय आने और मन लगाकर पढ़ाई करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि बच्चों के अंदर प्रतिभा की कमी नहीं है, जरूरत सिर्फ उन्हें सही दिशा, अवसर और प्रोत्साहन देने की है। ऐसे कार्यक्रमों से बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ता है और उन्हें जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।

कार्यक्रम की खास बात यह रही कि उपायुक्त एवं अन्य अधिकारियों ने विद्यालय के बच्चों के साथ बैठकर मध्याह्न भोजन (एमडीएम) ग्रहण किया। इससे बच्चों में काफी उत्साह देखने को मिला। भोजन के दौरान अधिकारियों ने बच्चों से पढ़ाई, विद्यालय की व्यवस्था और उनके भविष्य के सपनों को लेकर बातचीत की। बच्चों ने भी अपनी बातें और जिज्ञासाएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। शिक्षा पर आधारित इस संवाद कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को आगे बढ़ने के कई महत्वपूर्ण गुर बताए गए।

इस अवसर पर स्थानीय मुखिया पूनम देवी ने उपायुक्त दिलीप सिंह शेखावत को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में एसडीएम मनोज पांडेय, जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) सुभाष कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक (डीएसई) अनुराग एक्का, संजय यादव, सुभाष तिवारी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम में सिंदुरिया विद्यालय के बच्चों समेत सैकड़ों की संख्या में लोग शामिल हुए।

‘पलामू परवाज’ कार्यक्रम के माध्यम से शिक्षा के प्रति जागरूकता, बच्चों का उत्साहवर्धन और उनके बेहतर भविष्य के निर्माण का संदेश दिया गया।