दहेज के लिए विवाहिता की हत्या का आरोप, पति समेत छह पर प्राथमिकी दर्ज; पुलिस जांच में जुटी
मृतिका आरती कुमारी का फाइल फोटो।
कांडी प्रतिनिधि। पलामू जिले के रेहला थाना क्षेत्र अंतर्गत सिगसिगी बेलवादामर गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतिका के पिता गढ़वा जिले के कांडी थाना क्षेत्र के सोहगाड़ा गांव निवासी आलोक शर्मा ने अपनी बेटी आरती कुमारी की दहेज के लिए प्रताड़ित कर हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए पति समेत ससुराल पक्ष के छह लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने आवेदन के आधार पर रेहला थाना कांड संख्या 130/2026, दिनांक 27 नवंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 80(2) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है।
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, आलोक शर्मा ने अपनी बेटी आरती कुमारी की शादी 20 अप्रैल 2023 को सिगसिगी बेलवादामर गांव निवासी राहुल देव विश्वकर्मा के साथ हिंदू रीति-रिवाज से की थी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसकी बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था। ससुराल पक्ष के लोग फोन पर एक लाख रुपये नकद और हीरो स्प्लेंडर बाइक की मांग करते थे। आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण वह उनकी मांग पूरी नहीं कर पा रहे थे।
आवेदन में बताया गया है कि 24 नवंबर को आरती अपने पति के साथ मायके में एक पारिवारिक शादी समारोह में शामिल होने आई थी। 26 नवंबर को दोनों वापस सिगसिगी लौट गए। इसके अगले दिन 27 नवंबर को दोपहर करीब 12:30 बजे आरती की गोतनी गायत्री देवी ने फोन कर परिजनों को उसके बेहोश होने की सूचना दी। सूचना मिलने पर परिजन सिगसिगी पहुंचे तो पता चला कि आरती को इलाज के लिए विश्रामपुर अस्पताल ले जाया गया है। वहां पहुंचने पर उन्होंने आरती को स्ट्रेचर पर मृत अवस्था में पाया।
शिकायतकर्ता के अनुसार, ससुराल पक्ष के लोगों ने आरती द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने की बात कही। वहीं, अस्पताल कर्मियों से परिजनों को जानकारी मिली कि आरती को मृत अवस्था में ही अस्पताल लाया गया था। इसके बाद पिता ने बेटी की मौत को संदिग्ध बताते हुए दहेज प्रताड़ना और हत्या की आशंका जताई तथा पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच करने की मांग की।
प्राथमिकी में अवध नारायण विश्वकर्मा, राहुल देव विश्वकर्मा, प्रदीप विश्वकर्मा, दीपक विश्वकर्मा, वीणा देवी और गायत्री देवी को नामजद किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है। विवाहिता की मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

