संविधान दिवस पर सेंट एंथोनी विद्यालय में जागरूकता एवं देशभक्ति का संदेश

संविधान दिवस पर सेंट एंथोनी विद्यालय में जागरूकता एवं देशभक्ति का संदेश

उद्देशिका का सामूहिक वाचन, विद्यार्थियों को संवैधानिक मूल्यों एवं नागरिक कर्तव्यों के प्रति किया गया जागरूक

जामताड़ा निमाई मंडल

जामताड़ा शहर के प्रतिष्ठित सेंट एंथोनी विद्यालय में गुरुवार को संविधान दिवस उत्साह, गरिमा एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमूर्ति पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन किया गया। विद्यार्थियों ने संविधान विषय पर भाषण एवं निबंध प्रस्तुत कर इसके महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम के दौरान राज्य स्तरीय, जिला स्तरीय एवं विद्यालय की सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों (CCA) प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। साथ ही, विद्यालय की एक छात्रा द्वारा गत दिवस आयोजित राज्य स्तरीय गोला फेंक प्रतियोगिता में सहभागिता करने पर उसके प्रयास, उत्साह एवं खेल भावना की सराहना करते हुए उसे प्रोत्साहित किया गया।

इस अवसर पर विद्यालय के मुख्य संरक्षक डॉ. दुर्गा दास भंडारी ने संविधान की उत्पत्ति, विशेषताओं एवं नागरिकों के अधिकार और कर्तव्यों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुता के मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका है।

वहीं विद्यालय के निदेशक डॉ. चंचल भंडारी ने डॉ. भीमराव अंबेडकर को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए विद्यार्थियों को कानून के प्रति जागरूक, अनुशासित एवं जिम्मेदार नागरिक बनने तथा लोकतांत्रिक आदर्शों का सम्मान करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि संविधान देश की एकता, अखंडता एवं विविधता का आधार है और इसके मूल्यों को समझना एवं अपनाना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।

कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के प्राचार्य लारेब खान ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर विद्यालय के उप-प्राचार्य उत्पल मंडल, शिक्षक संजय कुमार महतो, रतना पाल, पायल मंडल, अनीश रंजन, वरुण कुमार, रिया माजी, मौसमी घोष, रुबीना खान, सुफिया नाज, सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे।

You may have missed