गढ़वा विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी ने विधानसभा में MMDR संशोधन विधेयक का किया समर्थन, अवैध खनन और राजस्व चोरी का उठाया मुद्दा
गढ़वा विधायक श्री सत्येन्द्र नाथ तिवारी जी ने आज झारखंड विधानसभा में MMDR (Mines and Minerals (Development and Regulation) Amendment Bill) के समर्थन में अपना वक्तव्य रखते हुए राज्यहित, राजस्व हित और खनिज संसाधनों के पारदर्शी उपयोग से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को प्रमुखता से उठाया।
उन्होंने कहा कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि राज्य सरकार MMDR संशोधन विधेयक का विरोध कर रही है। सवाल यह है कि आखिर इस विरोध के पीछे मंशा क्या है? क्या सरकार को झारखंड के खनिज संसाधनों का पारदर्शी और वैधानिक दोहन मंजूर नहीं है?
झारखंड खनिज संपदा से समृद्ध राज्य है, लेकिन विडंबना है कि यहां अवैध कोयला कारोबार, खनिजों की तस्करी और सरकारी राजस्व की चोरी जैसी समस्याएं लगातार चिंता का विषय बनी हुई हैं। राज्य सरकार को इन पर कठोर कार्रवाई करनी चाहिए, न कि ऐसे विधायी प्रावधानों का विरोध करना चाहिए जो खनन व्यवस्था को अधिक जवाबदेह और पारदर्शी बनाने की दिशा में सहायक हो सकते हैं।
उन्होंने कहा कि झारखंड की खनिज संपदा किसी सरकार या राजनीतिक दल की निजी संपत्ति नहीं, बल्कि यहां की जनता की अमूल्य धरोहर है। इसका लाभ राज्य के विकास, रोजगार सृजन, आधारभूत संरचना और जनकल्याण में मिलना चाहिए।
विधायक जी ने कहा कि हमारा स्पष्ट मत है कि खनिज संसाधनों का वैधानिक, पारदर्शी और जवाबदेह उपयोग ही झारखंड के उज्ज्वल भविष्य का आधार है। राज्यहित सर्वोपरि है और किसी भी परिस्थिति में अवैध कारोबार को राजनीतिक संरक्षण नहीं मिलना चाहिए।

