चतरा में पुलिस मुठभेड़! राहुल दुबे गिरोह को बड़ा झटका, शूटर आनंद कुमार के पैर में लगी गोली

एसपी अनिमेष नैथानी की कार्रवाई से राहुल दुबे गिरोह को बड़ा झटका, पुलिस मुठभेड़ में शूटर आनंद कुमार को लगी गोली

हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस पर दो राउंड फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में घायल हुआ आरोपी; पिस्टल और दो खोखा बरामद, एसपी ने घटनास्थल पहुंचकर लिया जायजा

सुजेक सिन्हा

चतरा : जिले में संगठित आपराधिक गिरोहों के विरुद्ध चतरा पुलिस की कार्रवाई के बीच बुधवार की अहले सुबह टंडवा थाना क्षेत्र के होन्हे जंगल में पुलिस और राहुल दुबे गिरोह के कथित शूटर आनंद कुमार के बीच मुठभेड़ हो गई। हथियार बरामदगी के लिए ले जाए गए आरोपी ने पुलिस टीम को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिसमें आनंद कुमार के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को तत्काल प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग भेजा गया है। पुलिस ने घटनास्थल से एक पिस्टल और दो खोखा भी बरामद किए हैं।
मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से कार्रवाई की विस्तृत जानकारी ली तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान एसडीपीओ प्रभात रंजन बरवार, टंडवा थाना प्रभारी विपिन कुमार, पुलिस अधिकारी प्रशांत मिश्रा, प्रभात कुमार, मदन सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद थें।
पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने बताया कि बीते 11 नवंबर को आम्रपाली परियोजना क्षेत्र में एवीएस ट्रांसपोर्टिंग कंपनी के साइट कार्यालय के बाहर रंगदारी की मांग को लेकर गोलीबारी की घटना हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए एसडीपीओ प्रभात रंजन बरवार के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया था। गठित टीम ने तकनीकी और अन्य अनुसंधान के आधार पर चतरा निवासी आनंद कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
एसपी के अनुसार, पूछताछ के दौरान आनंद कुमार ने आम्रपाली परियोजना स्थित एवीएस कंपनी के साइट कार्यालय पर हुई गोलीबारी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके साथ ही उसने हजारीबाग जिले के चौपारण स्थित ए.के. इंटरनेशनल होटल पर हुई गोलीबारी की घटना में भी शामिल होने की बात बताई। पुलिस इन दोनों घटनाओं के पीछे सक्रिय आपराधिक नेटवर्क और अन्य सहयोगियों की भूमिका की जांच कर रही है।

हथियार निकालते ही पुलिस पर चला दी गोली:

एसपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम आरोपी को उसके बताए ठिकाने पर हथियार बरामद करने के लिए होन्हे जंगल ले गई थी। वहां छिपाकर रखे गए हथियार को निकालते ही आनंद कुमार ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की ओर से आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की गई। इस दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी। मुठभेड़ में अपराधी की ओर से दो राउंड और पुलिस की ओर से तीन राउंड फायरिंग की गई। इसके बाद पुलिस ने उसे काबू में लेकर गिरफ्तार कर लिया। मौके से एक पिस्टल और दो खोखा बरामद किए गए।

अन्य सहयोगियों की तलाश में छापेमारी:

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पूछताछ के दौरान आनंद कुमार ने गोलीबारी की घटनाओं में शामिल अन्य सहयोगियों के नामों का भी खुलासा किया है। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। साथ ही गिरोह के आपराधिक नेटवर्क, हथियारों की उपलब्धता और रंगदारी से जुड़ी गतिविधियों की भी जांच की जा रही है।
एसपी अनिमेष नैथानी ने स्पष्ट किया कि जिले में संगठित अपराध, अवैध हथियार और रंगदारी जैसी गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे अपराधों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि अपराधियों के नेटवर्क पर प्रहार करना और जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है।