नौडीहा बाजार प्रखंड परिसर में गरिमा केंद्र (जेंडर रिसोर्स सेंटर) का भव्य उद्घाटन, महिलाओं को मिलेगा न्याय और अधिकारों का नया मंच
नौडीहा बाजार प्रखंड परिसर में गरिमा केंद्र (जेंडर रिसोर्स सेंटर) का भव्य उद्घाटन, महिलाओं को मिलेगा न्याय और अधिकारों का नया मंच
नौडीहा बाजार/पप्पू यादव
नौडीहा बाजार (पलामू) प्रखंड कार्यालय परिसर में आज गरिमा केंद्र (Gender Resource Centre – GRC) का भव्य उद्घाटन किया गया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना, लैंगिक भेदभाव को समाप्त करना तथा महिला उत्पीड़न, घरेलू हिंसा और शोषण से जुड़ी समस्याओं के समाधान में सहयोग प्रदान करना है।
कार्यक्रम में नौडीहा बाजार के सीओ संजय कुमार सिंह एवं थाना प्रभारी नीरज कुमार मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा IPRP अरुण कुमार जी, CRP प्रमिला देवी, नमिता देवी, नामुदाग क्लस्टर की अध्यक्ष बृंदा देवी, सचिव अनीता देवी, कोषाध्यक्ष पूनम देवी, मैनेजर दौलती देवी एवं MIS संगीता कुमारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
इस अवसर पर सीओ संजय कुमार सिंह ने जेंडर जस्टिस सेंटर के उद्देश्य एवं महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। वहीं थाना प्रभारी नीरज कुमार ने महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं न्याय सुनिश्चित करने में गरिमा केंद्र की भूमिका के बारे में जानकारी दी।
वहीं प्रमिला देवी एवं नमिता देवी ने गरिमा केंद्र की कार्यप्रणाली, उद्देश्य और महिलाओं को मिलने वाली सुविधाओं के बारे में विस्तार से बताया।
गरिमा केंद्र महिलाओं के लिए एक ऐसा मंच बनेगा, जहां वे अपनी समस्याओं को खुलकर रख सकेंगी और उचित मार्गदर्शन एवं सहयोग प्राप्त कर सकेंगी।
महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सराहनीय पहल,महिलाओं का सम्मान, सुरक्षा और अधिकार यही है जेंडर न्याय का आधार।


