पीरटांड़ में संथाली परंपरा से मना जनजातीय गौरव दिवस, भाजपा नेता सुरेश साव ने हेमंत सरकार पर साधा निशाना

संथाली रीति-रिवाज से मनाया गया जनजातीय गौरव दिवस, मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए भाजपा नेता सुरेश साव

गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र के पीरटांड़ प्रखंड अंतर्गत बदगावां पंचायत के सोहेरया गांव में सोमवार को आदिवासी युवाओं एवं ग्रामीणों द्वारा जनजातीय गौरव दिवस भव्य रूप से पारंपरिक संथाली रीति-रिवाज के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा नेता सुरेश साव शामिल हुए। इस अवसर पर झारखंडी परंपरा के अनुसार सखुआ पत्तों से उनका अभिनंदन एवं भव्य स्वागत किया गया। वहीं, सुरेश साव ने मांदर बजाकर उपस्थित लोगों का अभिवादन स्वीकार किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा नेता सुरेश साव ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस आदिवासी समाज के सम्मान, स्वाभिमान और पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर नई ऊंचाई देने की ऐतिहासिक पहल है। माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस घोषित कर देशभर के जनजातीय नायकों के ऐतिहासिक योगदान को उचित सम्मान दिलाने का कार्य किया गया है। पीएम जनमन योजना एवं एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय जैसी योजनाओं के माध्यम से आदिवासी परिवारों तक विकास, शिक्षा और बेहतर अवसर पहुंचाने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह सरकार आदिवासी समाज को ठगने का काम कर रही है। आदिवासी-मूलवासी समाज को केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है। पीरटांड़ के सुदूरवर्ती क्षेत्रों में आज भी लोगों को पीने का स्वच्छ पानी उपलब्ध नहीं है, बिजली की समस्या बनी हुई है और कई विद्यालयों में शिक्षकों तक की व्यवस्था नहीं है। स्थानीय युवाओं को केवल आश्वासन देकर गुमराह किया जा रहा है।

सुरेश साव ने कहा कि यदि जनता भारतीय जनता पार्टी को सहयोग और समर्थन देती है, तो पीरटांड़ क्षेत्र की तस्वीर और तकदीर बदलने का प्रयास किया जाएगा। ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में काम होगा, जहां ग्रामीणों को इलाज के लिए मरीजों को खटिया पर टांगकर अस्पताल न ले जाना पड़े। क्षेत्र में सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता होगी।

कार्यक्रम में सोमनाथ पांडेय, बुधन हेम्ब्रम, नुनी हांसदा, प्रकाश सोरेन, स्थानीय मुखिया घनश्याम महतो, भुनेश्वर महतो, अजय टुडू, रसिक लाल मुर्मू, झंडू प्रसाद महतो, दुर्गा महतो, दिलीप सोरेन, सुनील हेम्ब्रम, महालाल सोरेन, प्रदीप मंडल, उत्तम वर्मा, जीतू कोल सहित कई गणमान्य व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

You may have missed