ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल में श्रद्धा और उल्लास के साथ मना गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व
ऑक्सफोर्ड में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया प्रकाश पर्व
ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल, मेदिनीनगर के विशेष प्रार्थना सभा में सिख धर्म के संस्थापक और प्रथम गुरु, श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की शैक्षणिक निदेशिका डॉ. सिमी मेहता, प्राचार्य माणि सी.वी. ,शैक्षणिक समन्वयक श्री रविशेखर एवं प्रधानाध्यापक गौरव कुमार के द्वारा गुरु नानक देव जी के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। संगीत शिक्षक उज्ज्वल पाठक ने प्रार्थना सभा में मधुर ‘शबद-कीर्तन’ और ‘अरदास’ की प्रस्तुति कर सम्पूर्ण वातावरण को भक्तिमय बना दिया। समारोह के दौरान कक्षा नवीं की छात्रा अन्वेषा पाण्डेय ने गुरु नानक देव जी के जीवन दर्शन, उनकी शिक्षाओं और समाज सुधार के कार्यों पर प्रकाश डालते हुए प्रेरणादायक भाषण प्रस्तुत की। जिनमें गुरु जी के तीन मुख्य सिद्धांतों— ‘नाम जपो, किरत करो और वंड छको’ का सुंदर संदेश दिया गया।
इस अवसर पर शैक्षणिक निदेशक डॉ. सिमी मेहता ने विद्यार्थियों को गुरु नानक देव जी के बताए हुए सत्य, प्रेम और मानवता की सेवा के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया। वहीं, शैक्षणिक समन्वयक श्री रविशेखर ने छात्रों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए गुरु जी के सिद्धांतों को दैनिक जीवन में उतारने पर बल दिया।
प्रार्थना सभा को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्राचार्य माणि सी.वी. ने कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाएँ हमें आपसी भाईचारा, समानता और निस्वार्थ सेवा का पाठ पढ़ाती हैं, जो आज के युग में भी उतनी ही प्रासंगिक हैं और विद्यार्थियों को एक श्रेष्ठ नागरिक बनने की दिशा दिखाती हैं। इस सफल आयोजन में विद्यालय के समस्त शिक्षकगण और छात्र-छात्राओं का विशेष योगदान रहा।


