पांकी के आसेहार में पहाड़ काटकर तालाब निर्माण का विरोध, पारदर्शिता और उपयोगिता पर उठे सवाल
पांकी के आसेहार में पहाड़ काटकर तालाब निर्माण का विरोध, पारदर्शिता और उपयोगिता पर उठे सवाल
पांकी पलामू
प्रखंड क्षेत्र के आसेहार एवं महुगाई गांव की सीमा पर स्थित हड़ही पहाड़ के समीप पहाड़ के हिस्से को काटकर तालाब निर्माण का कार्य किए जाने को लेकर ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है। बीते तीन चार दिनों से पोकलेन मशीन के जरिए चल रहे इस कार्य का स्थानीय ग्रामीणों ने कड़ा विरोध जताया है, लेकिन इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी रहने से लोगों की नाराजगी बढ़ती जा रही है।
बिना शिलापट्ट के चल रहा काम, पारदर्शिता पर सवाल
ग्रामीणों के अनुसार, जिस स्थान पर तालाब खोदा जा रहा है, वहां किसी भी प्रकार का योजना बोर्ड या शिलापट्ट नहीं लगाया गया है। इससे यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा है कि यह कार्य किस विभाग या योजना के तहत कराया जा रहा है, इसकी स्वीकृत लागत कितनी है और कार्य एजेंसी कौन है। सूचना और शिलापट्ट के अभाव में ग्रामीणों ने योजना की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
सार्वजनिक उपयोग की जमीन को लेकर नाराजगी
ग्रामीणों का कहना है कि जिस स्थल पर तालाब का निर्माण किया जा रहा है, उसका उपयोग लंबे समय से सार्वजनिक रूप से मृतकों की अंत्येष्टि स्थल तथा पशुओं को चराने के लिए होता आ रहा है। लोगों का आरोप है कि बिना स्थानीय सहमति और वैकल्पिक व्यवस्था के इस स्थल पर खुदाई किए जाने से धार्मिक, सामाजिक और दैनिक उपयोग की सुविधा प्रभावित हो रही है।
भौगोलिक स्थिति को लेकर लाभ पर संदेह
स्थानीय निवासियों ने निर्माण स्थल की भौगोलिक स्थिति पर भी आपत्ति जताई है। ग्रामीणों का कहना है कि यह इलाका तीन तरफ से पहाड़ से घिरा हुआ है, ऐसे में यहां तालाब बनने से आम ग्रामीणों को सिंचाई या अन्य जरूरतों के लिए अपेक्षित लाभ नहीं मिल पाएगा। उनका आरोप है कि ग्रामीणों की वास्तविक जरूरतों और जमीन की उपयोगिता को नजरअंदाज कर केवल राशि खर्च करने या पैसे कमाने के उद्देश्य से यह कार्य कराया जा रहा है। खोदे जा रहे तालाब से कुछ मीटर की दूरी पर दो अन्य तालाब भी हैं जो बेकार पड़े हैं
लगातार विरोध के बावजूद पोकलेन से काम जारी रहने से नाराज ग्रामीणों ने अब उच्च स्तरीय हस्तक्षेप की मांग की है। मौके पर मौजूद ग्रामीण अजय मेहता रमेश महतो सुनील कुमार तेजू भुईया मंजू देवी बचनी कुंवर रंजीत मेहता कृष्णा महतो सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि वे पूरे मामले की लिखित शिकायत करेंगे, ताकि स्थल की जांच हो सके और ग्रामीण हितों के अनुरूप उचित कार्रवाई की जा सके। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि तालाब का निर्माण कार्य महुगांई गांव में किया जाना था, एवं योजना हेतु भूमि का चयन भी महुगांई गांव में किया गया है लेकिन महुगांई के ग्रामीणों ने इसका विरोध किया, जिसके बाद वर्तमान में तालाब का निर्माण कार्य आसेहार में दूसरे खाता प्लॉट की भूमि में किया जाना कई बड़े सवालों को खड़ा कर रहा है।
आपको बता दें की पिछले दो-तीन वर्षों में आसेहार हुरलॉन्ग पंचायत में भूमि संरक्षण विभाग से कई छोटे बड़े तालाबों का निर्माण कार्य किया गया है जिसमें कई तालाबों में बरसात में भी पानी नहीं रहता, ऐसे में पुनः पहाड़ी क्षेत्र में एक नए तालाब के निर्माण कार्य होने से सरकारी पैसे की बर्बादी के आसार दिख रहे हैं।
इस संबंध में आसेहार पंचायत के मुखिया देवसागर राम ने बताया कि किस विभाग एवं योजना द्वारा कार्य किया जा रहा है उसकी उन्हें कोई विशेष जानकारी नहीं है।


