कांडी में फिर नीलगाय की मौत, अवैध बिजली तार से करंट लगने की आशंका
कांडी प्रतिनिधि। कांडी थाना क्षेत्र के घटहुआ कला गांव के समीप स्थित आहार में एक नीलगाय की मौत हो गई। मृत नीलगाय से दुर्गंध फैलने की आशंका को देखते हुए संजय गुप्ता के नेतृत्व में ग्रामीणों ने ट्रैक्टर पर लादकर उसके शव को दूसरे स्थान पर ले जाकर फेंक दिया। बताया जाता है कि करीब एक सप्ताह पूर्व भी इसी आहार में एक अन्य नीलगाय की मौत हो गई थी। लगातार दूसरी घटना सामने आने से वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
ग्रामीण सूत्रों के अनुसार, खेतों में लगी फसलों को नीलगाय से बचाने के उद्देश्य से किसी व्यक्ति द्वारा खेतों के आसपास विद्युत तार लगाए जाने की बात सामने आ रही है। आशंका जताई जा रही है कि इसी तार की चपेट में आने से नीलगाय की मौत हुई होगी। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
इस संबंध में उत्तरी वन प्रमंडल के रेंज ऑफिसर प्रमोद कुमार ठाकुर ने बताया कि नीलगाय की मौत के मामले को वन विभाग गंभीरता से ले रहा है। मामले की विभागीय स्तर पर जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
लगातार नीलगाय की मौत की घटनाओं ने वन्यजीवों की सुरक्षा और खेतों में अवैध रूप से विद्युत तार लगाए जाने की आशंका को लेकर चिंता बढ़ा दी है। ग्रामीणों ने वन विभाग से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

