मेराल में भीषण सड़क हादसा: बाइक की टक्कर के बाद ट्रक ने युवक को कुचला, मौके पर दर्दनाक मौत

मेराल से विवेकानंद चौबे का रिपोर्ट

बिग ब्रेकिंग:

मेराल से डंडई जाने वाली मुख्य सड़क पर लखेया गांव के पास सोमवार की शाम दो बाइक के बीच हुई जोरदार टक्कर के बाद सड़क पर गिरे एक युवक को ट्रक ने कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान मेराल बस स्टैंड निवासी बिन्हाई राम के 25 वर्षीय पुत्र धर्मेंद्र कुमार के रूप में हुई है। घटना में दूसरी बाइक पर सवार लखेया गांव निवासी स्वर्गीय राजबलीगढ़ चौधरी के 31 वर्षीय पुत्र राहुल चौधरी तथा लखेया गांव की 15 वर्षीय सुषमा कुमारी घायल हो गईं। घटना की सूचना पाकर मेराल थाना प्रभारी रवि कुमार केसरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल धर्मेंद्र कुमार को ऑटो से अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।हादसे की खबर फैलते ही घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं आसपास के लोग जुट गए। दुर्घटना में घायल अन्य दोनों को स्थानीय लोगों की मदद से मेराल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया। हादसे की खबर फैलते ही घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं आसपास के लोग जुट गए। युवक की असामयिक मौत से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। लोगों ने इस दर्दनाक दुर्घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त की। घटना के बाद ट्रक संख्या यूपी 65 जीटी 5165 का चालक ट्रक छोड़ कर मौके से फरार हो गया।