गिरिडीह में बैंक खाते फ्रीज करने पर सुनील खंडेलवाल ने RBI से मांगा जवाब, व्यापारियों के लिए उठाई आवाज़

साइबर अपराध के नाम पर निर्दोष व्यापारियों के बैंक खाते फ्रीज करने पर सुनील खंडेलवाल ने RBI से मांगा जवाब, केवल संदिग्ध राशि पर रोक लगाने की उठाई मांग

गिरिडीह। साइबर अपराध पर लगाम लगाने के नाम पर निर्दोष व्यापारियों और आम नागरिकों के पूरे बैंक खाते फ्रीज किए जाने का मामला अब सवालों के घेरे में है। किसी खाते में संदिग्ध धनराशि आने पर पूरे खाते का लेन-देन बंद कर देना कितना उचित है? क्या केवल विवादित राशि पर रोक लगाकर शेष वैध धनराशि के इस्तेमाल की अनुमति नहीं दी जा सकती? इन्हीं महत्वपूर्ण सवालों को लेकर गिरिडीह के सामाजिक एवं सूचनाधिकार कार्यकर्ता सुनील कुमार खंडेलवाल ने भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) से जवाब मांगा है।

खंडेलवाल ने 21 नवंबर 2026 को सूचना का अधिकार अधिनियम, 2005 की धारा 6(1) के तहत RBI के केंद्रीय लोक सूचना अधिकारी के समक्ष ऑनलाइन RTI आवेदन दाखिल किया है। इसमें साइबर अपराध से जुड़े मामलों में बैंक खाते फ्रीज करने, डेबिट फ्रीज लगाने और केवल संदिग्ध धनराशि पर रोक लगाने से संबंधित नियमों, दिशा-निर्देशों एवं बैंकिंग प्रक्रियाओं की प्रमाणित प्रतियां मांगी गई हैं।

उन्होंने सवाल उठाया है कि साइबर अपराध से संबंधित संदिग्ध राशि किसी व्यापारी या सामान्य खाताधारक के खाते में पहुंचने पर क्या पूरे खाते को फ्रीज करना अनिवार्य है, या सिर्फ संबंधित राशि को होल्ड पर रखकर बाकी वैध लेन-देन जारी रखा जा सकता है।

यह मामला छोटे व्यापारियों, दुकानदारों और उद्यमियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। क्योंकि बैंक खाते फ्रीज होने से व्यापारिक भुगतान, GST जमा करने, कर्मचारियों का वेतन देने और रोजमर्रा के आर्थिक लेन-देन पर प्रतिकूल असर पड़ता है। कई बार निर्दोष खाताधारकों को अपना ही पैसा इस्तेमाल करने में परेशानी होती है।

RTI में उठाए आठ अहम सवाल

सुनील कुमार खंडेलवाल ने अपने आवेदन में आठ प्रमुख बिंदुओं पर जानकारी मांगी है। इनमें साइबर अपराध से जुड़ी संदिग्ध राशि आने पर खाता फ्रीज या डेबिट फ्रीज करने के नियम, पुलिस अथवा साइबर क्राइम सेल के अनुरोध पर बैंक द्वारा अपनाई जाने वाली प्रक्रिया, खाताधारक को सूचना देने और खाता डी-फ्रीज करने के प्रावधान शामिल हैं।

इसके अलावा पूरे खाते को फ्रीज करने के बजाय केवल विवादित राशि पर रोक लगाने की व्यवस्था, बैंकों की लापरवाही पर कार्रवाई, निर्दोष खाताधारकों को होने वाली आर्थिक क्षति के लिए शिकायत निवारण एवं क्षतिपूर्ति के नियमों की जानकारी भी मांगी गई है।

आवेदन में 1 जनवरी 2022 से RTI दाखिल करने की तिथि तक साइबर अपराध के मामलों में बैंकों द्वारा फ्रीज और डी-फ्रीज किए गए खातों तथा प्राप्त शिकायतों का वर्षवार समेकित विवरण भी मांगा गया है। साथ ही फर्जी मोबाइल सिम, गलत KYC और मोबाइल नंबरों के दुरुपयोग से जुड़े मामलों में RBI तथा दूरसंचार विभाग के बीच हुए पत्राचार और समन्वय से संबंधित अभिलेख भी मांगे गए हैं।

निर्दोष खाताधारक को अपराधी की तरह दंडित करना उचित नहीं

खंडेलवाल का कहना है कि साइबर अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन जांच के नाम पर किसी निर्दोष व्यक्ति की आजीविका और आर्थिक अधिकारों को अनावश्यक रूप से प्रभावित नहीं किया जाना चाहिए। किसी बैंक खाते में संदिग्ध धनराशि पहुंचने मात्र से खाताधारक की आपराधिक संलिप्तता साबित नहीं होती।

उन्होंने कहा कि कार्रवाई तथ्यों, कानूनी प्रावधानों और सक्षम प्राधिकारी के वैध आदेशों के आधार पर होनी चाहिए। खाताधारकों को भी कानून के अनुरूप सूचना, शिकायत निवारण और खाते पर लगी रोक हटवाने का प्रभावी अवसर मिलना चाहिए।

RBI से प्रमाणित दस्तावेजों के साथ जवाब की मांग

खंडेलवाल ने आवेदन में सामान्य जानकारी के बजाय आधिकारिक अभिलेखों और प्रमाणित दस्तावेजों की मांग की है। उन्होंने यह भी अनुरोध किया है कि यदि किसी सूचना का कुछ हिस्सा RTI अधिनियम के तहत अपवाद के दायरे में आता है, तो धारा 10 के तहत शेष उपलब्ध सूचना दी जाए। वहीं, किसी अन्य लोक प्राधिकरण से संबंधित सूचना को धारा 6(3) के तहत संबंधित विभाग को हस्तांतरित किया जाए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यह पहल किसी बैंक या जांच एजेंसी के विरोध में नहीं, बल्कि पारदर्शी और जवाबदेह बैंकिंग व्यवस्था के समर्थन में है।

खंडेलवाल ने कहा कि साइबर अपराधियों को पकड़ना जरूरी है, लेकिन इस प्रक्रिया में किसी निर्दोष व्यापारी का कारोबार, किसी कर्मचारी का वेतन और किसी परिवार की आजीविका ठप नहीं होनी चाहिए। साइबर अपराध पर नियंत्रण के साथ-साथ आम नागरिकों के बैंकिंग अधिकारों की रक्षा भी उतनी ही जरूरी है।