आरोप-प्रत्यारोप छोड़िए, गढ़वा के विकास का रोडमैप बताइए : मिथिलेश ठाकुर

गढ़वा विधायक के दो साल पूरे होने पर सियासत तेज, पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने उठाए विकास कार्यों पर सवाल
मिथिलेश ठाकुर बोले– आरोप-प्रत्यारोप छोड़कर जनता को बताएं विकास का रोडमैप, तीन साल का कार्यकाल विकास को दें प्राथमिकता Garhwa – गढ़वा विधानसभा क्षेत्र में विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी के कार्यकाल के दो वर्ष पूरे होने पर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। पूर्व मंत्री एवं पूर्व विधायक मिथिलेश कुमार ठाकुर ने कल्याणपुर स्थित अपने आवास पर प्रेसवार्ता कर विधायक पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विधायक को व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप और बयानबाजी छोड़कर गढ़वा के विकास पर ध्यान देना चाहिए। जनता ने उन्हें पूरे विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने की जिम्मेदारी दी है, इसलिए उन्हें सभी वर्गों और क्षेत्रों के हित में काम करना चाहिए। मिथिलेश ठाकुर ने कहा कि विधायक को जनता के सामने यह स्पष्ट करना चाहिए कि पिछले दस वर्षों में उन्होंने गढ़वा के लिए क्या कार्य किए और वर्तमान कार्यकाल के दो वर्षों में कितनी योजनाएं स्वीकृत कराईं। उन्होंने कितने विकास प्रस्ताव सरकार को भेजे और क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए क्या ठोस पहल की है। उन्होंने कहा कि विपक्ष में रहते हुए भी विधायक विधानसभा में जनता की समस्याओं को प्रभावी तरीके से उठा सकते हैं। पूर्व मंत्री ने महिला कॉलेज, पिछड़ा वर्ग आवासीय विद्यालय और अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय के भवन तैयार होने के बावजूद संचालन शुरू नहीं होने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि विधायक को इन योजनाओं को चालू कराने के लिए सरकार से जवाब मांगना चाहिए। यदि विधायक गढ़वा के विकास के लिए कोई ठोस पहल करते हैं, तो वे उसका समर्थन करने के लिए भी तैयार हैं। विधायक निधि को लेकर भी लगाए आरोप विधायक निधि के मुद्दे पर ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार ने विधायक निधि को चार करोड़ से बढ़ाकर पांच करोड़ रुपये किया है, ताकि क्षेत्र में विकास कार्य हो सकें। हालांकि, उन्होंने आरोप लगाया कि इस राशि के दुरुपयोग की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि विकास और जनहित के मुद्दों पर सवाल उठाने वालों को राजनीतिक रूप से निशाना बनाया जाता है। व्यक्तिगत टिप्पणी और पुराने मामलों पर पलटवार प्रेसवार्ता के दौरान मिथिलेश ठाकुर ने विधायक की ओर से उन पर लगाए गए 5200 करोड़ रुपये के कथित गबन और विदेश जाने संबंधी आरोपों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने चुनाव से एक दिन पहले केंद्रीय एजेंसियों द्वारा उनके आवास पर की गई छापेमारी का जिक्र करते हुए कहा कि उस कार्रवाई में पुराने चुनावी पंपलेट के बंडल के अलावा कुछ नहीं मिला। उन्होंने कहा कि जांच एजेंसियों को क्या मिला, इसकी जानकारी आज तक सार्वजनिक नहीं की गई। उन्होंने विधायक पर व्यक्तिगत और पारिवारिक टिप्पणियां करने का आरोप लगाते हुए कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन परिवार और बच्चों को लेकर टिप्पणी करना उचित नहीं है। उन्होंने अलकतरा से जुड़े पुराने मामले का भी उल्लेख करते हुए विधायक पर पलटवार किया। इस मामले में विधायक की ओर से लगाए गए आरोपों और संबंधित कानूनी स्थिति पर उनका पक्ष सामने आया। मुखियाओं और नगर परिषद के मुद्दे पर भी उठाए सवाल ठाकुर ने मुखियाओं को लेकर विधायक के कथित बयानों पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि सभी मुखियाओं पर आरोप लगाए जा रहे हैं, तो कुछ मुखियाओं के प्रति विशेष समर्थन का आधार भी स्पष्ट होना चाहिए। इसके अलावा उन्होंने नगर परिषद भवन निर्माण, सड़क निर्माण और खनन क्षेत्र से जुड़े मामलों पर भी विधायक की भूमिका पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों पर विधायक को स्वयं आगे आकर आवाज उठानी चाहिए। तीन साल का समय विकास कार्यों को दें विधायक : ठाकुर पूर्व मंत्री ने कहा कि विधायक के कार्यकाल के अभी लगभग तीन वर्ष शेष हैं। उन्हें इस समय का उपयोग विकास कार्यों और जनता की समस्याओं के समाधान में करना चाहिए। इसके बाद चुनाव के दौरान जनता के बीच अपने कार्यों का हिसाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि वे स्वयं अपने विकास कार्यों के आधार पर जनता के बीच गए थे और चुनाव में मिले जनादेश को सहर्ष स्वीकार किया था। मीडिया से अपील करते हुए मिथिलेश ठाकुर ने कहा कि जब भी विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी से बातचीत हो, उनसे गढ़वा के विकास का एजेंडा जरूर पूछा जाए। उनसे यह सवाल किया जाए कि क्षेत्र की समस्याओं के समाधान और विकास के लिए उनकी क्या योजना है। अंत में ठाकुर ने कहा कि राजनीति में उनका उद्देश्य केवल विधायक या सांसद बनना नहीं, बल्कि जनता की सेवा करना है। उन्होंने कहा कि वे अंतिम सांस तक गढ़वा की जनता की सेवा करते रहेंगे और क्षेत्र के विकास को लेकर अपनी आवाज उठाते रहेंगे।