बेंगाबाद रोजगार मेले में उमड़ी युवाओं की भीड़, 1015 ने कराया निबंधन, 185 अभ्यर्थियों का हुआ चयन

बेंगाबाद रोजगार मेले में उमड़ी युवाओं की भीड़, 1015 ने कराया निबंधन, 185 अभ्यर्थियों का हुआ चयन

ग्रामीण युवाओं को रोजगार से जोड़ने की पहल, उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा– कौशल विकास और आत्मनिर्भरता प्रशासन की प्राथमिकता

गिरिडीह। ग्रामीण क्षेत्र के युवक-युवतियों को रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को बेंगाबाद प्रखंड परिसर में दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना (DDU-GKY 2.0) के तहत प्रखंड स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान 1015 से अधिक युवक-युवतियों ने अपना निबंधन कराया, जबकि 185 अभ्यर्थियों का विभिन्न रोजगार अवसरों के लिए चयन किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव एवं अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान अतिथियों का पारंपरिक झारखंडी माला, टोपी एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।

मौके पर उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं में प्रतिभा और क्षमता की कोई कमी नहीं है। जरूरत है उन्हें सही मार्गदर्शन, कौशल प्रशिक्षण और रोजगार के उचित अवसर उपलब्ध कराने की। DDU-GKY जैसी योजनाएं युवाओं को उनकी योग्यता के अनुरूप रोजगार से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

उन्होंने कहा कि रोजगार मेला केवल नौकरी पाने का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का एक महत्वपूर्ण मंच है। युवाओं को ऐसे अवसरों का लाभ उठाकर अपने कौशल और योग्यता को विकसित करना चाहिए। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि रोजगारपरक योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक योग्य युवक-युवतियों तक पहुंचाया जाए।

इस रोजगार मेले में बेंगाबाद, गिरिडीह सदर, पीरटांड़ एवं गांडेय प्रखंड के युवक-युवतियों ने भाग लिया। विभिन्न नियोजकों और रोजगार प्रदाताओं ने अभ्यर्थियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए। 1015 से अधिक युवाओं का निबंधन और 185 अभ्यर्थियों का चयन मेले की प्रमुख उपलब्धि रही।

कार्यक्रम में प्रखंड प्रमुख मीना देवी, बीस सूत्री अध्यक्ष नुनुराम किस्कू, सांसद प्रतिनिधि शिवपूजन राम, रामप्रसाद यादव, पूर्व बीस सूत्री अध्यक्ष सुनील यादव, महेंद्र वर्मा एवं जिला परिषद सदस्य केदार हाजरा सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

इसके अलावा जिला कार्यक्रम प्रबंधक जेवियर एक्का, बीडीओ सुनील कुमार मुर्मू, अंचल अधिकारी सफी आलम, जिला प्रबंधक आदित्य कुमार एवं राकेश कुमार समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन जिला प्रबंधक स्मिता एक्का ने किया। रोजगार मेले के सफल आयोजन में प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक पंकज कुमार वर्मा सहित एहसान, प्रमोद, सुदीप, बसंती, राजेश, रंजीत, नीलम, संगीता, रूबी, लक्ष्मी, बबीता एवं निशा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

You may have missed